HimachalPradesh

दिल्ली में भाजपा की 27 वर्ष बाद वापसी, हमीरपुर में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

जीत का जशन

हमीरपुर, 8 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी से पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक जीत पर हमीरपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।

भाजपा के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर पटाखे फोड़े और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और हमीरपुर के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के समर्थन में नारेबाजी गूंज उठी।

मोदी के नेतृत्व में जनता ने जताया विश्वास

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी विकासपरक नीतियों पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र दिल्ली के मतदाताओं ने अपनाया और भाजपा को भारी बहुमत से जिताया।

उन्होंने कहा, दिल्ली चुनाव में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया और आम आदमी पार्टी की भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति को उजागर किया। उनकी मेहनत का ही नतीजा है कि भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है।

कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे खराब

गुजरात एक्सप्रेस का जिक्र करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस चुनाव में केवल 5% वोट ही हासिल कर पाई और एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए अब तक की सबसे खराब स्थिति है और यह दर्शाता है कि जनता कांग्रेस की नीतियों को भली-भांति समझ चुकी है।

कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश

इस जीत के लिए जिलाध्यक्ष ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि यह जीत संगठन के हर कार्यकर्ता की मेहनत और जनता के विश्वास का नतीजा है। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा, नरेंद्र अत्री, अजय रिंटू, अजय शर्मा, कपिल मोहन शर्मा, दीक्षित गौतम सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गांधी चौक पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया और दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लोकतंत्र की बड़ी जीत करार दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल राणा

Most Popular

To Top