Bihar

दिल्ली की जनता ने लूट और झूठ की राजनीति पर लगाया विराम: तारकिशोर प्रसाद

फाइल फोटो- तारकिशोर प्रसाद

कटिहार, 08 फरवरी (Udaipur Kiran) । बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी द्वारा की जा रही लूट और झूठ की राजनीति पर करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने विधानसभा चुनाव में ऐसी नकारात्मक राजनीति पर विराम लगा दिया है।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने लोगों को ठगने का काम किया। उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया, जिससे दिल्ली वासी गंदा पानी पीने को मजबूर रहे, गंदगी और प्रदूषण युक्त वातावरण में रहने को विवश थे। वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के मुखिया केजरीवाल शीशमहल बनाने में व्यस्त रहे। आम जनता का पैसा लूटने और भ्रम फैलाने की राजनीति में लगे रहे। शराब घोटाला और भ्रष्टाचार में इनके बड़े नेताओं को जेल जाना पड़ा। आज की तारीख में इनका दल आम आरोपित पार्टी (आप) बन कर रह गया है, जिसे दिल्ली की जनता ने चुनाव परिणाम के माध्यम से आइना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि इस देश में नकारात्मक राजनीति तथा लूट-झूठ और भ्रम फैलाने वाले की कोई जगह नहीं है।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निश्चित रूप से दिल्ली विधानसभा के आम चुनाव में प्राप्त जनता के आशीर्वाद एवं विश्वास पर पूरी तरह खड़ी उतरेगी। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली वासियों की अहम् भूमिका रहने वाली है और दिल्ली में यमुना तो साफ होगी ही, अब वहाँ विकास और सुशासन की गंगा भी बहेगी, यह मोदी की गारंटी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह

Most Popular

To Top