
यमुनानगर, 8 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । कस्बा रादौर में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व रिटायर्ड संघ के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के निवास स्थान पर पहुँचकर उनके सपुत्र नेपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।
शनिवार को इस मौके पर एसकेएस जिला प्रधान महिपाल सौदे ने बताया कि खंड रादौर से सैंकड़ों की संख्या में कच्चे व पक्के कर्मचारी अपनी माँगो को लागू करवाने के लिए 16 फरवरी को मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय पर 48 घण्टे के धरने में शामिल होने के लिए कुरुक्षेत्र कूच करेंगे। उन्होंने बताया कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। परन्तु पिछले लम्बे समय से सरकार की तरफ से इस प्रकार का कोई प्रयास नहीं किया गया है, जिसके कारण कर्मचारी वर्ग में भारी रोष है। अब केन्द्र सरकार के द्वारा आठवें वेतन आयोग की घोषणा कर दी गई है। हरियाणा के कर्मचारियों की कुछ समस्याएं अलग से हैं।
हरियाणा के कच्चे व पक्के कर्मचारियों व पेंशनर्स की सुनवाई किसी भी स्तर पर नहीं हो पाती। जिसको लेकर कर्मचारियों को आन्दोलन करना पड़ता है। इसलिए अलग से सुनवाई के लिए प्रदेश के अलग वेतन आयोग की आवश्यकता है। केन्द्र सरकार में ग्रुप डी की भर्ती नहीं है परन्तु हरियाणा में है। यह भर्ती सामान्य काडर में की जाती है। इसके कारण इन कर्मचारियों की समस्याओं की कहीं सुनवाई नहीं होती। बडी संख्या में विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों की अनेकों समस्याओं का हल वेतन आयोग के द्वारा सुनवाई करते हुए नियमित करने की नीति बना कर किया जा सकता है।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
