Madhya Pradesh

इंदौर जिले की सड़क दुर्घटना दु:खद, मुख्यमंत्री ने दिए प्रभावितों की सहायता के निर्देश

सीएम मोहन यादव (फोइल फोटो)

भोपाल, 07 फरवरी (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले में शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने इंदौर जिले के थाना मानपुर में हुई सड़क दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजन की सहायता एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके शोकाकुल परिजन को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

गौरतलब है कि मानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में महाकाल दर्शन कर वापस लौट रहे कर्नाटक के चार श्रद्धालुओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 16 तीर्थयात्री घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार कर्नाटक के बेलगाम जिले के रहने वाले तीर्थयात्री गुरुवार देर शाम महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। वहां से दर्शन करने के बाद सभी यात्री अपने गांव लौट रहे थे। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे मानपुर के पास तीर्थयात्रियों से भरी ट्रैवलर पहले एक बाइक से टकरा गई, इसके बाद वह अनियंत्रित होकर टैंकर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैवलर की पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चपेट में आई बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही ट्रैवलर में सवार दो श्रद्धालुओं ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 18 लोगों को एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया था, जिनमें से दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई, वहीं 16 घायलों का उपचार जारी है।

मुख्यमंत्री ने कामेश्वर चौपाल के निधन पर दु:ख व्यक्त किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ नेता एवं राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास, अयोध्या के न्यासी कामेश्वर चौपाल के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े प्रसंग में श्री कामेश्वर चौपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सेवाएं सदैव हमें प्रेरित करती रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजन को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top