
भाेपाल, 7 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । अमेरिका की तरफ से बीती 5 फरवरी को 104 अवैध प्रवासियों को भारत डिपोर्ट कर दिया गया है। भारत लौटे अवैध प्रवासियों के हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़िया बांधी गई थी। इस घटना के खिलाफ कांग्रेस ने भोपाल में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं के सहित बोर्ड ऑफिस चौराहे पहुंचकर हाथों में हथकड़ियां डालकर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भोपाल शहर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर अंबेडकर प्रतिमा के पास हाथों में जंजीरें बांधकर विरोध जताया।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल, सिद्धार्थ राजावत, अभिनव बरोलिया और नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता ज़की सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका की ट्रंप सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए नारेबाजी करते नजर आए। तख्तियों पर लिखा था— ‘हर हिंदुस्तानी का स्वाभिमान यही, न्याय दो, जंजीर नहीं’ और ‘हथकड़ियों में कैद भारत का युवा, 56 इंची सीना कहां गया?’ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका की कार्रवाई और केंद्र सरकार की चुप्पी पर नाराजगी जताई और इस मामले में ठोस कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, तो उन्होंने देश को जो सपने दिखाए, उस पर लोगों ने भरोसा किया। उन्हाेंने आराेप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत दुनिया का नंबर वन देश बनेगा और दुनिया की सबसे बड़ी शक्तियां भारत के सामने नतमस्तक होंगी। उन्होंने यह भी वादा किया था कि जो भगोड़े देश का धन लेकर भाग गए हैं, उन्हें वापस लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। पटवारी ने कहा कि 10 साल बाद जब लोग मोदी के वादों पर यकीन कर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि देश के नागरिकों को किस तरह से अपमानित किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी के सबसे करीबी मित्र ट्रंप ने जब अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में भारतीयों का कितना अपमान किया। भारतीय संस्कृति और संविधान में अपराधियों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया जाता है, लेकिन इस मामले में भारतीयों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
पटवारी ने आरोप लगाया कि इस सरकार के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित भारतीय नागरिकों के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार हुआ है, जो पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार की कूटनीति और विदेश नीति की विफलता को उजागर करता है। किसी भी देश ने आज तक भारत के नागरिकों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जैसा कि अमेरिका ने मोदी सरकार के तहत भारतीय नागरिकों के साथ किया, जिन्हें 40 घंटे तक हथकड़ी में रखा गया।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
