HEADLINES

मध्य प्रदेश को जल्द मिलेगा एक नया टाइगर रिजर्व : मोहन यादव

सीएम मोहन यादव

– प्रदेश में वन्यजीवों के लिए बना अनुकूल वातावरण, चीतों की संख्या बढ़ी

भोपाल, 06 फरवरी (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को जल्द ही एक नया टाइगर रिजर्व मिलने वाला है। माधव टाइगर अभ्यारण्य जल्द ही राज्य का नौवां टाइगर रिजर्व बनेगा। इसके लिए केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल गई है। नए टाइगर रिजर्व की अधिसूचना कभी भी जारी हो सकती है। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। माधव टाइगर अभ्यारण्य के टाइगर रिजर्व बनने से चंबल अंचल में वन्य जीवों की संख्या बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि मध्य प्रदेश वन्य जीवन संरक्षण में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। कूनो में वीरा के दो नए शावकों को मिलाकर कुल 26 चीते हो गये हैं। इन चीतों की मॉनिटरिंग के लिये दो दल गठित किए गए हैं। बुधवार को कूनो क्षेत्र में पांच चीते छोड़े गए, इनमें से तीन का जन्म तो प्रदेश में ही हुआ है। इस प्रकार अब सात चीते स्वयं को मध्य प्रदेश की आबोहवा में ढाल रहे हैं। पहले छोड़े गए चीते न केवल शिकार कर रहे हैं, अपितु कुशलता से जंगल में विचरण कर रहे हैं। प्रकृति, जीव जगत और मानव जीवन के संतुलन की यह अनमोल झलक राज्य में दिखाई दे रही है। सभी लोग इस आनंद और रोमांच का अनुभव कर रहे हैं। यह वन्य जीवों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह इस बात का प्रमाण है कि मध्य प्रदेश में वन्यजीवों के लिए सबसे अनुकूल वातावरण है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में फिलहाल आठ टाइगर रिजर्व हैं। इनमें संजय दुबरी टाइगर रिजर्व, नौरादेही टाइगर रिजर्व, पन्ना टाइगर रिजर्व, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, पेंच टाइगर रिजर्व, कान्हा टाइगर रिजर्व और रातापानी टाइगर रिजर्व शामिल हैं। इनमें रातापानी को हाल ही में आठवां टाइगर रिजर्व घोषित किया है। अब माधव नेशनल पार्क के टाइगर रिजर्व बनने से यह संख्या बढ़कर नौ हो जाएगी, जो प्रदेश में बाघों की बढ़ती संख्या और संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मध्य प्रदेश में हैं 785 बाघ-

मध्य प्रदेश में 2022 की बाघों की जनगणना के अनुसार 785 बाघ हैं। साल 2018 में यह संख्या 526 थी, जो 2022 में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ 785 हो गई थी। इसी के साथ मध्य प्रदेश ने टाइगर स्टेट का तमगा भी पुनः हासिल कर लिया था।———

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top