WORLD

मुसलमानों के आध्यात्मिक नेता आगा खान का 88 वर्ष की आयु में निधन

आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के संस्थापक आगा खान (चतुर्थ) का फाइल फोटो।

लिस्बन (पुर्तगाल), 05 फरवरी (Udaipur Kiran) । स्वैच्छिक संगठन आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) के संस्थापक आगा खान (चतुर्थ) का निधन हो गया। महज 20 साल की उम्र में दुनिया के लाखों शिया इस्माइली मुसलमानों के आध्यात्मिक नेता बनने वाले खान ने मंगलवार को यहां 88 वर्ष की आयु में आखिरी सांस ली। आगा खान फाउंडेशन ने कहा कि उनके उत्तराधिकारी की घोषणा बाद में की जाएगी। वह अपने उत्तराधिकारी का नाम अपनी वसीयत में लिख गए हैं।

एकेडीएन की वेबसाइट के अनुसार, आगा खान फाउंडेशन और इस्माइली धार्मिक समुदाय ने घोषणा की कि हिज हाईनेस प्रिंस करीब अल-हुसैनी (आगा खान चतुर्थ) और शिया इस्माइली मुसलमानों के 49वें वंशानुगत इमाम का मंगलवार को पुर्तगाल में निधन हो गया। उन्होंने इस्माइली मुसलमानों का आध्यात्मिक नेतृत्व करने के साथ ही अरबों डॉलर की मदद से विकासशील देशों में घरों, अस्पतालों और स्कूलों का निर्माण कराया। आगा खान ने परिवार के बीच आखिरी सांस ली। उनकी वसीयत लिस्बन में उनके परिवार और धार्मिक नेताओं की उपस्थिति में पढ़ी जाएगी। उत्तराधिकारी को उनके पुरुष वंशजों या रिश्तेदारों में से ही चुना जाता है।

आगा खान के परिवार को इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद का प्रत्यक्ष वंशज माना जाता है। प्रिंस करीम आगा खान को उनके दादा ने अप्रत्याशित रूप से 1957 में अपने बेटे अली खान को दरकिनार करते हुए उत्तराधिकारी के रूप में नामित किया। अपनी नियुक्ति के समय वे हार्वर्ड ग्रेजुएट थे।

आगा खान चतुर्थ ने अपना सारा जीवन लोक कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क आज 96 हजार लोगों को रोजगार देता है। वह स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, आवास और आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित करता है। आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क ने अफगानिस्तान, बांग्लादेश और ताजिकिस्तान से लेकर कई देशों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

———-

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top