



जौनपुर, 02 फरवरी (Udaipur Kiran) । जफराबाद थाना क्षेत्र के वसीरपुर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे को लेकर सुबह हुए विवाद ने रविवार शाम हिंसक रूप ले लिया। प्रधान पक्ष द्वारा की गई गोलीबारी में बीडीसी मनीष कुमार और सूरज कुमार गोली लगने से घायल हो गए, जबकि राजन नामक एक युवक चाकू लगने से घायल हुआ।
घटना की जानकारी के अनुसार, बीडीसी मनीष कुमार ने गांव की दलित बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए सर्वे कराने काे नोडल अधिकारी को बुलाया था। सर्वे के बाद प्रधान परिवार के रामहित निषाद और अन्य लोगों ने मनीष के साथ विवाद शुरू कर दिया, जो बाद में हिंसक हो गया। प्रधान पक्ष द्वारा की गई गोलीबारी में मनीष के पेट में और सूरज कुमार के कंधे में गोली लगी। गोली चलते ही गांव में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलती ही मौके पर थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव और चौकी प्रभारी मनोज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक शहर अरविंद वर्मा और क्षेत्राधिकारी शहर आयुष श्रीवास्तव भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंच गए। घटनास्थल पर काफी देर तक निरीक्षण भी किया। पुलिस ने आरोपियों के घर से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की भी खबरें हैं। गोली कांड की सूचना लगते पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने भी जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से घटना के सम्बंध में जानकारी लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शहर अरविंद कुमार ने (Udaipur Kiran) प्रतिनिधि से बात करते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मनीष और सूरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें सुरक्षित बताया। घायलों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। तीन लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। शेष अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है शांति व्यवस्था कायम है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद किया गया है।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
