भिंड, 02 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार सुबह प्रिया गोल्ड बिस्किट फैक्टरी में लगी भीषण आग पर करीब नाै घंटे बाद दमकल के 20 वाहनाें ने काबू पा लिया। आगजनी की इस घटना में फैक्टरी के एक कर्मचारी की दम घुटने से माैत हाे गई। फैक्टरी में आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
भिंड जिले का मालनपुर बड़ा इंडस्ट्रीयल एरिया है। यहां तकरीबन 200 से ज्यादा बड़ी फैक्टरियां हैं। रविवार सुबह करीब पांच बजे प्रिया गोल्ड बिस्किट फैक्टरी में आग लग गई। जहां पर या आग लगी है वहां आसपास कई फैक्टरियां संचालित हो रही हैं। इस सूचना के बाद माैके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियाें ने आग पर काबू पाने की काेशिश की लेकिन वे सफल नहीं हुईं। दोपहर तक आग ने भीषण रूप ले लिया। इसके बाद 20 दमकल वाहनों ने 150 से ज्यादा राउंड लगाकर पानी डाला। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान में एक कर्मचारी सूरज बाथम की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के समय फैक्टरी में 76 कर्मचारी काम कर रहे थे, जिन्हें आग और धुएं के बीच से बाहर निकाल लिया गया। फैक्टरी साल 2011 से चल रही है, जिसमें 35 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। फैक्टरी पूरी तरह से जल चुकी है। शुरुआती अनुमान के अनुसार 50 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की जानकारी सामने आ रही है। इस फैक्टरी का संचालन नरेंद्र कुमार आर्या ग्रुप की ओर से किया जा रहा था। प्रिया गोल्ड फैक्टरी में क्रैकजैक बिस्कुट का उत्पादन किया जाता था।
रविवार सुबह 5 बजे मौके पर पहुंचे एसडीएम पराग जैन को फैक्टरी प्रबंधन ने बताया था कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, दमकल कर्मचारियों को आग बुझाते समय एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने एक कर्मचारी की मौत की पुष्टि की है। अचानक आग लगने के कारणों की जांच प्रशासन और फैक्टरी प्रबंधन कर रहे हैं। फैक्टरी कर्मचारी भरत सिंह के अनुसार, सूरज रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक की नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहा था। सुबह जब आग लगने की सूचना मिली तो वह भी घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद फैक्टरी के अंदर जाकर देखा तो सूरज बाथम का झुलसा हुआ शव मिला।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे