Uttar Pradesh

  गंगा को विदुर घाट तक लाने की कार्ययोजना बनाने के दिये आदेश

विदुर आश्रम क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए
वृद्धा आश्रम में महिलाओं से मिलते हुए
महात्मा विदुर की पूजा करते हुए डीएम

बिजनौर, 01फरवरी (हि .स.)। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शनिवार को विदुर कुटी का विस्तृत रूप से भ्रमण कर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विदुर मंदिर में पहुंचकर विधिवत रूप से पूजा अर्चना एवं आरती की। उन्होंने वृद्धा आश्रम का निरीक्षण किया। आश्रम के भवन एवं कमरों की जर्जर स्थिति के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि यथासंभव इसकी समुचित रूप से मरम्मत का कार्य कराया जाए। इस अवसर पर उन्होंने आश्रम में रहने वाली वृद्ध महिलाओं से उनको उपलब्ध होने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वृद्ध महिलाओं को फल वितरित किया और सदाबहार बथुआ का स्वाद लिया।

मंदिर परिसर भ्रमण के बाद जिलाधिकारी ने गंगा की धार को विदुर आश्रम तक लाने के लिए गंगा तट का स्थलीय भ्रमण कर मुआयना किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यटन अधिकारी मनीषा राणा को निर्देशित किया कि विदुर कुटी क्षेत्र का विकास करने और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक एवं पौराणिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। भारत सरकार द्वारा भी विदुर कुटी को आइकन में शामिल किया गया है। यहां पर पर्यटन की अपार संभावना मौजूद हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विदुर घाट तक गंगा की धारा को लाने के लिए जो कार्य योजना बनाई गई है, उसकी स्वीकृति के लिए उनकी ओर से पुनः रिमाइंडर लेटर लिखवा कर शासन को भिजवाएं। व्यक्तिगत रूप से भी उसकी स्वीकृति के लिए विभागीय प्रयास करें। मीटिंग के बाद जिलाधिकारी ने पुस्तकालय के सम्मुख पार्क में रुद्राक्ष का वृक्ष रोपित किया।

(Udaipur Kiran) / नरेन्द्र

Most Popular

To Top