
धमतरी, 31 जनवरी (Udaipur Kiran) । शहर के 40 वार्डों में एक फरवरी से नौ फरवरी तक ईवीएम मशीन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें शहरवासियों को ईवीएम मशीन के प्रदर्शन के साथ ही महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी।
नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर नगर पालिक निगम धमतरी के सभी वार्डों में ईवीएम मशीन का प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें मतदाताओं को ईवीएम मशीन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ ही मतदान करने के लिए जागरूक किया जाएगा। इस ईवीएम जागरूकता अभियान को सुचारु रूप से चलाने के लिए मास्टर ट्रेनर द्वारा निगम के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद नोडल अधिकारी महेन्द्र सिंह जगत कार्यपालन अभियंता एवं सहायक नोडल अधिकारी प्रकृति जगताप सहायक अभियंता को नियुक्त किया गया है। यह जागरूकता अभियान के तहत एक से नौ फरवरी तक नगर निगम मुख्य कार्यालय में ईवीएम मशीन का प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्य के लिए खिलेश्वर साहू स रा नि एवं सहयोगी टकेश्वर साहू को नियुक्त किया गया है। साथ ही अन्य अधिकारी और कर्मचारियों को निगम के सभी 40 वार्डो मे ईवीएम मशीन के प्रदर्शन के लिए ड्यूटी लगाई गई है। यह प्रदर्शन सुबह 10 : 30 बजे से शाम पांच बजे तक होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
