Chhattisgarh

धमतरी में समर्थन मूल्य में सौ खरीद  केंद्रों में 61 लाख  क्विंटल से अधिक धान की हुई खरीद

धान खरीदी केंद्र देमार में उपस्थित किसान व अन्य।

धमतरी, 31 जनवरी (Udaipur Kiran) ।समर्थन मूल्य में धान खरीद के लिए इस साल जिले को करीब साढ़े 67 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य के विरूद्ध 14 नवंबर से 31 जनवरी तक कुल जिलेभर के किसानों से सभी 100 खरीद केंद्रों में 61 लाख 98136 क्विंटल धान की खरीद की गई है, जो लक्ष्य से दूर है। वहीं पंजीयन के बाद करीब ढाई हजार किसानों ने समर्थन् मूल्य पर धान बेचने के लिए दिलचस्पी नहीं दिखाई। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले में एक लाख 26 हजार से अधिक किसानों ने अपना पंजीयन कराया था।

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत समर्थन मूल्य में धान खरीद की शुरूआत प्रदेश समेत जिले में 14 नवंबर 2024 से हुई। सभी 100 धान उपार्जन केन्द्रों में 31 जनवरी 2025 तक एक लाख 23 हजार 764 किसानों से 61 लाख 98136 क्विंटल धान की खरीद की गई है, जो लक्ष्य से कम है। धान खरीद के लिए इस साल जिले को शासन से करीब साढ़े 67 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य मिला हुआ था। लक्ष्य के विरूद्ध 62 लाख क्विंटल धान की खरीद हुई है। ऐसे में साढ़े पांच लाख क्विंटल धान खरीद करने का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। पिछले कुछ सालों से जिले में धान खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है।

जिला खाद्य अधिकारी बीके कोर्राम ने बताया कि खरीदे गए धान की कुल राशि 1427.25 करोड़ रुपये है। कुल उपार्जित धान में से पांच लाख 54 हजार 298 मीट्रिक टन धान का समितियों से उठाव कर लिया गया है और शेष 65 हजार 510 मीट्रिक टन धान का उठाव मिलर्स द्वारा किया जा रहा है। कोर्राम ने बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के दौरान उड़दस्ता ने अवैध धान परिवहन और भंडारण के विरूद्ध भी कार्रवाई की है। इसके तहत 77 प्रकरण में 5343 क्विंटल धान जब्त किया गया है। पंजीकृत रकबा में से 4132.99 हेक्टेयर रकबा 43 हजार 815 किसानों द्वारा समर्पण किया गया है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top