HEADLINES

राज्यसभा में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित  पांच पूर्व सदस्यों को  दी गई श्रद्धांजलि 

राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़

नई दिल्ली, 31 जनवरी (Udaipur Kiran) । राज्यसभा में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उच्च सदन के चार पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गयी।

संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा संबोधित किए जाने के कुछ समय बाद उच्च सदन की बैठक शुरू हुई। सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन में भारत के आर्थिक विकास में डॉ सिंह योगदान की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया। सभापति ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह दो कार्यकाल के लिए भारत के प्रधानमंत्री थे। उन्होंने छह बार राज्यसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। डॉ. सिंह को अर्थशास्त्र और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित विद्वान के रूप में दुनिया भर में जाना जाता है। एक आर्थिक विचारक और दार्शनिक के रूप में उनके योगदान के अलावा उन्हें उनकी कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और विनम्र व्यवहार के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

इसके साथ जगदीप धनखड़ ने राज्यसभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रीओम प्रकाश चौटाला को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में सभापति ने कहा कि ओम प्रकाश चौटाला एक प्रतिष्ठित नेता और भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता थे। उन्होंने हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्यसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया।

ओम प्रकाश चौटाला पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे और सात बार हरियाणा विधानसभा में सदस्य रहे।

राज्य के विकास और सामाजिक कल्याण के लिए उन्होंने जो योगदान दिया, वह उन लोगों के दिलों में हमेशा अंकित रहेगा, जिनकी उन्होंने सेवा की। उनके निधन से, राष्ट्र किसानों के अधिकारों के एक प्रबल समर्थक और एक प्रतिष्ठित नेता के निधन पर शोक मना रहा है, जिनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों तक गूंजती रहेगी।

सदन में पूर्व सदस्य हरवेंद्र सिंह हंसपाल, प्रीतीश नंदी और श्याम बेनेगल को भी श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जेम्स अर्ल कार्टर जूनियर के पिछले दिनों हुए निधन की जानकारी देते हुए उन्हें भी श्रद्धांजलि दी गई। सभी के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही शनिवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई। शनिवार को सदन की कार्यवाही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट भाषण के बाद शुरू होगी।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Most Popular

To Top