
नई दिल्ली, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘इंडियन रेनेसां : द मोदी डिकेड’ पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ये 10 साल आने वाले 25 साल की अर्थात अमृत काल की नींव हैं। उन्होंने कहा कि ये 35 साल भारत को विश्व में सर्वप्रथम स्थान पर ले जाएंगे।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर लाने का काम किया। आज लिखकर रख लीजिए 2027 में भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले इस देश को नीतिगत पक्षाघात के नाम से जाना जाता था, अब प्रदर्शन की राजनीति के नाम से जाना जाता है। जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण ये तीन नासूर हमारे लोकतंत्र को समाप्त कर दिए थे, मोदी ने 10 साल में प्रदर्शन की राजनीति को स्थापित करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि आज हम एक पुस्तक का विमोचन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के ये 10 साल एक युग के अंत और दूसरे युग की शुरुआत का प्रतीक बनने जा रहे हैं। जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, तो प्रधानमंत्री मोदी के 10 साल के कार्यकाल को उनके कटु से कटु आलोचकों को भी स्वर्णिम अक्षरों से ही लिखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 10 साल में अनेक प्रकार के अनेक सेक्टरों में सुधार भी हुए हैं और गति भी मिली है। हर सेक्टर का साइज और स्केल अनेक गुना बढ़ाने का काम किया गया है। कभी कोई विचार नहीं कर सकता था कि दुनिया की बड़ी महामारी कोरोना आए और दुनिया का सबसे अच्छा प्रबंधन भारत करे, ऐसा कोई सोच नहीं सकता था। हमने सबसे पहले वैक्सीन भी बनाई और दुनिया के 100 देशों में हमने वैक्सीन भी भेजी और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ को चरितार्थ करने का काम मोदी सरकार ने किया।
उन्होंने कहा कि इस देश में 75 साल बाद भी 20 हजार गांव ऐसे थे, जहां बिजली का खंभा नहीं पहुंचा था। आज देश का हर घर बिजली से युक्त हुआ है। पिछले 10 सालों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है। 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं और 4 करोड़ से अधिक लोगों को अपना पक्का घर मिला है। पहली बार 15 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाने का काम किया गया है। इसके अलावा 56 करोड़ लोगों ने बैंक खाते खोले हैं। आज दुनिया के 46 प्रतिशत रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन भारत में होते हैं। महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देकर उनको धुएं से मुक्ति दिलाने का काम किया गया है।
शाह ने कहा कि मैं तब हैरान रह गया जब प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड महामारी के दौरान जनता कर्फ्यू की घोषणा की। उन्होंने लोगों से कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के उपाय के रूप में घर के अंदर रहने का आग्रह किया। उल्लेखनीय रूप से पूरे देश ने उनकी अपील का पालन किया। लाल बहादुर शास्त्री के बाद मोदी दूसरे ऐसे नेता हैं, जिन्हें लोगों से इतना अधिक विश्वास और पूर्ण समर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी कर्मठता से, अपने विजन से, साफ हृदय से परिश्रम की पराकाष्ठा करके अपने देश का नेतृत्व करता है तो इतिहास इसको नजरअंदाज नहीं कर सकता है। इतिहास को उसको देखना ही पड़ता है। मोदी ने हर पल इसकी चिंता करी कि हमारी युवा पीढ़ी को आजादी के आंदोलन का लंबा इतिहास, 90 साल का संघर्ष नई पीढ़ी के ध्यान में आना चाहिए। आजादी के गुमनाम नायकों को देश के इतिहास में स्थान मिलना चाहिए। 75 साल में देश ने जो उपलब्धि प्राप्त की है उसको देश को गौरव के साथ याद करना चाहिए और मोदी ने देश की जनता के सामने रखा कि 2047 में भारत पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा और आज देश 2047 की यात्रा की ओर चल पड़ा है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत की जनसंख्या को कभी बोझ समझा जाता था। मोदी ने 130 करोड़ लोगों को सशक्त बनाकर इस नज़रिए को बदल दिया, उन्हें दुनिया के लिए एक बड़ा बाज़ार बना दिया। पहले यह बाज़ार वास्तव में 130 करोड़ नहीं था, क्योंकि 60 करोड़ लोगों के पास कुछ भी खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। मोदी ने सिर्फ़ 10 साल में उन्हें घर, गैस कनेक्शन, शौचालय, स्वच्छ पानी, बीमा और प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज देकर उनके जीवन को बेहतर बनाया।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इतनी उपलब्धियां हासिल की हैं कि पूरी दुनिया ने उनके काम को पहचाना है। वे देश के एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्हें 16 अलग-अलग देशों से सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार मिले हैं। जब 16 देश प्रधानमंत्री मोदी जैसे नेता को सम्मानित करते हैं, तो यह वाकई बहुत मायने रखता है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. ऐश्वर्या पंडित द्वारा संपादित यह पुस्तक पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार के शासन का व्यापक विश्लेषण प्रस्तुत करती है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार
