
भोपाल, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । नई दिल्ली स्थित लाल किले में आयोजित भारत पर्व 2025 में गुरुवार को मध्य प्रदेश की पाककला और संगीत कला की मनमोहक प्रस्तुति हुई। ‘स्टूडियो किचन शोकेस’ में प्रदेश के प्रसिद्ध पकवान गराडू चाट और खोपरा पेटिस का लाइव किचन प्रदर्शन और ‘देखो अपना देश’ सांस्कृतिक संध्या में जबलपुर के जानकी बैंड की प्रस्तुति हुई।
स्टूडियो किचन शोकेस
मध्य प्रदेश टूरिज्म के एग्जीक्यूटिव शेफ निशिकांत ने होटल प्रबंधन, खानपान एवं पोषाहार संस्थान, पूसा के तत्वाधान में आयोजित ‘स्टूडियो किचन शोकेस’ में गराडू चाट और खोपरा पेटिस का सजीव प्रदर्शन किया। सत्र के दौरान शेफ ने व्यंजनों को बनाने की विधि के साथ दर्शकों को इनकी पोषक विशेषताएं और बनाने की सावधानियां भी बताई और दर्शकों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों के उत्तर दिए। सत्र के अंत में फूड टेस्टिंग करवाई गई, जिसके माध्यम से दर्शकों को व्यंजनों का स्वाद चखा और पाककला को सराहा।
‘देखो अपना देश’ सांस्कृतिक संध्या
जबलपुर के जानकी बैंड ने सांस्कृतिक संध्या में संगीत प्रस्तुति दी। ‘भजो रे रामा हो’, ‘चंदा चकोर’ और ‘खूब लड़ी मर्दानी झांसी वाली रानी’ की संगीतमय प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसका संयोजन और परिकल्पना देवेंद्र सिंह ग्रोवर तथा संगीत निर्देशन डॉ. क्षिप्रा सुल्लेरे ने किया। सितार पर मुस्कान सोनी, गिटार पर उन्नति तिवारी और माही सोनी, तबला पर मनीषा तिवारी और मानसी सोनी, ढोलक पर श्रेया ठाकुर, सरोद पर श्रुति जैन तथा वायलिन पर शालिनी अहिरवार ने संगत की। श्री जानकी बैंड बुंदेली लोकगीत, भक्ति संगीत, रविन्द्र संगीत, कबीर वाणी, गुर वाणी, शास्त्रीय और उप शास्त्रीय संगीत के लिए विख्यात है।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
