Delhi

भारत पर्व-2025 में देखने को मिल रहा है विरासत और संस्कृति का अनोखा रूप

नई दिल्ली, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में प्रतिवर्ष लाल किले के लॉन में आयोजित होने वाले भारत पर्व में इस बार राजस्थान का कठपुतली नृत्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बिंदु बना हुआ है। भारत पर्व में देश की विरासत और संस्कृति का बहुत ही अनोखा रूप देखने को मिल रहा है।

भारत पर्व-2025 में गणतंत्र दिवस की झांकी का प्रदर्शन, सशस्त्र बल बैंड का प्रदर्शन, क्षेत्रीय सैन्य बलों और राज्य व संघ राज्य क्षेत्रों के दलों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन, भारतीय व्यंजन, स्टूडियो रसोई और शिल्प बाजार के माध्यम से खाद्य प्रदर्शन, राज्य सरकारों और केंद्रीय मंत्रालयों के मंडप आदि शामिल हैं। पर्यटन मंत्रालय की तरफ से दिल्ली के लाल किला पर 26 जनवरी से शुरू हुआ यह कार्यक्रम 31 जनवरी को समाप्त होगा। इस वर्ष के भारत पर्व की थीम देखो अपना देश है।

लाल किला के लॉन में प्रवेश द्वार के पास ही सीआरपीएफ के जवानों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जा रहा है। भारत पर्व में सभी राज्यों की झांकियों के साथ वहां की संस्कृति खान-पान और कलाओं को बहुत ही सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया है। यहां प्राकृतिक मनोहर चित्र, हस्तशिल्प, क्षेत्रीय व्यंजन, सांस्कृतिक प्रदर्शनी और किचन स्टूडियो भी लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं।

नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम के स्टॉल पर मौजूद मुहम्मद मसूर ने बताया कि साइंस के माध्यम से हम ऐसी चीजें कर सकते हैं, जो कभी किसी ने भी नहीं सोची हो। उन्होंने फोटो मेकओवर के माध्यम से दिखाया कि किस प्रकार से एक ही फोटो का प्रयोग करके बहुत सारे व्यक्तियों को अलग-अलग रूप दिया जा सकता है।

संस्कृति से जुड़े स्टॉल पर मौजूद अमित सोनी ने बताया कि उन्होंने नौकरी छोड़ने के बाद ये काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि आरडी’जेड 1983 नाम से बेकरी ब्रांड शुरू किया। यह बेकरी मिलेट्स से बनी कुकीज बनाती और बेचती है। शुरुआत में अमित को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा लेकिन बाद में अमित का बेकरी बिजनेस चल पड़ा। इसमें तीन पीढ़ियां एक साथ काम करती हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top