RAJASTHAN

आई.सी.ए.आर. की बैठक में कृषि और वेटरनरी शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा

कृषि, डेयरी एवं वेटरनरी में छात्राओं का प्रवेश प्रतिशत बढ़ा : डाॅ. बिमलेश मान

बीकानेर, 28 जनवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आई.सी.ए.आर.) के सहायक महानिदेशक (शिक्षा योजना एवं गृह विज्ञान) डॉ. बिमलेश मान ने मंगलवार को बताया कि वर्तमान समय में कृषि, डेयरी और वेटरनरी पाठ्यक्रमों में छात्राओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। इसको ध्यान में रखते हुए आई.सी.ए.आर. ने कन्या छात्रावासों के लिए बजट में वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि छठी डीन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार, नियमित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ नए व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम भी लागू किए गए हैं, जो युवाओं के लिए रोजगार का आधार बनेंगे। इसके अलावा, एक्सपीरियंस लर्निंग, ब्लेंडेड लर्निंग और डिजिटल शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वेटरनरी विश्वविद्यालय में समन्वय बैठक के दौरान डॉ. मान ने विभिन्न राज्य और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में आई.सी.ए.आर. द्वारा प्रायोजित शैक्षणिक एवं अनुसंधान परियोजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने वैश्विक खाद्यान्न सुरक्षा की आवश्यकता पर भी चर्चा की। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में आई.सी.ए.आर. के बजट सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और इसे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता को एक बड़ी चुनौती बताया। बैठक में आई.सी.ए.आर. नोड़ल ऑफिसर और अधिष्ठाता प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने विश्वविद्यालय में आई.सी.ए.आर. मद से चल रही परियोजनाओं और विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। अधिष्ठाता एवं प्रति कुलपति प्रो. हेमंत दाधीच ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान और प्रसार गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।

पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर में ई.एम.आर.आई. ग्रीन हेल्थ सर्विसेज, अहमदाबाद द्वारा मंगलवार को वेटरनरी ऑफिसर पद के लिए प्लेसमेंट साक्षात्कार आयोजित किया गया। प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. सुरेश कुमार झीरवाल ने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। कंपनी के मैनेजर अंशुल अग्रवाल ने कार्य योजना और नियमों की जानकारी देते हुए 67 नव स्नातकों का रजिस्ट्रेशन और चयन किया।

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top