-आगामी 27 विधानसभा चुनाव के लिए रखना है बरकरार
देहरादून, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निकाय चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत पर कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और संकल्प का परिणाम है। इस ऊर्जा और उत्साह को बरकरार रखना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी 27 के विधानसभा और 29 के लोकसभा चुनावों में जीत के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया।
बालवीर रोड स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री धामी का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में निकाय चुनावों की शानदार जीत का जश्न मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जीत को कार्यकर्ताओं पर समर्पित करते हुए आशीर्वाद देने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं का जोश भरते हुए कहा कि भाजपा कैडर आधारित पार्टी है, वो आपके हमारे बीच से ही ज़िम्मेदारी सौंपती है। जिसका ताजातरीन उदाहरण आपके सामने नवनिर्वाचित महापौर सौरभ थपलियाल है। उन्होंने नगर निगमों, पालिका और पंचायतों में प्रचंड बहुमत से पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त किया है। वहीं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इस जीत को उनके परिश्रम, समर्पण और संकल्प का परिणाम बताया। साथ ही कहा, अधिकांश शहरों में कमल खिलाने के बाद अब हमें पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक व्यक्ति के विकास अभियान में अधिक ताकत से जुटना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नतीजे बताते हैं, हम सही दिशा और लक्ष्य पर काम कर रहे हैं, जिसपर जनता ने मुहर लगाकर हमारी पीठ थपथपाई है। साथ ही स्पष्ट किया कि हमारा लक्ष्य जीत ही नहीं बल्कि पार्टी के अंत्योदय सिद्धांत को व्यवहार में उतारना है। अब हमें मिलकर, शहरी क्षेत्रों में भी कमजोर से कमजोर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लानी है।
मुख्यमंत्री धामी ने यूसीसी का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तरायण पर तीन नए शुभ कार्यों की बात मैने की थी, उनकी शुरुआत शहरों की सरकार और उसमें भी भाजपा के ट्रिपल इंजन लगने से हो गई है। कल से यूसीसी लागू होने के साथ, प्रत्येक देवभूमिवासी को एक समान कानून का अधिकार मिल जाएगा। बेहद खुशी की बात है कि राज्य की जनता से विधानसभा चुनावों में किया ये वादा भी पूरा हो रहा है। मोदी ने धारा 370 हटाकर और श्री राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कर दशकों से किए पार्टी के संकल्पों को पूर्ण किया है, उनके इसी राष्ट्रीय सांस्कृतिक पुनर्जागरण के यज्ञ में यूसीसी उत्तराखंड की तरफ से आहूति के समान है। 28 जनवरी से राष्ट्रीय खेलों का आगाज हमारे राज्य में हो रहा है, जिसे हम सबको मिलकर जी-20 की तरह सफल बनाना हैं। ताकि देवभूमि, वीर भूमि की तरह उत्तराखंड, खेल भूमि के तौर पर भी पहचाना जाए।
इस मौके प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने निकायों में प्रचंड जीत देने के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुल 11 में 10 निगमों में पार्टी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। जिसमें देहरादून में हमे अकेले 1 लाख 5 हजार मतों के अंतर से एकतरफा जीत हासिल हुई है। अन्य 83 निकाय, जहां हम चुनाव लड़े उसमें भी 41 सीट पर हमने विजय प्राप्त की, वहीं 4-5 सीटें तो हम इकाई दहाई के अंतर से जीत नहीं पाए। निकायों में 70 फीसदी से अधिक पार्षदों, सभासदों और वार्ड सीटों पर कमल खिला है। लगभग 65 फीसदी से अधिक मत निकायों में हम पाने में सफल रहे हैं। तीन निकायों में तो भाजपा निर्विरोध जीतने में सफल रही है यह सब डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों, मुख्यमंत्री धामी से जनता का लगाव और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के कारण संभव हुआ है। हमारे सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों ने पूर्ण लगन से चुनाव में काम किया है। जिसके कारण, जनमानस में यह विश्वास स्थापित हुआ है कि विकास, सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। जीत के इस माहौल को पार्टी 2027 तक कायम रखते हुए राज्य में विकास वाली सरकार की हैट्रिक लगाएगी।
इस मौके पर सौरभ थपलियाल मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश अध्यक्ष भट्ट समेत सभी पार्टी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विश्वास जताने और जिताने के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं चुनाव में प्रचंड जीत देने के लिए विशेष तौर पर देहरादून महानगर की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, जितना बड़ी जीत उन्हें प्राप्त हुई है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी भी वे अब महसूस कर रहे हैं। लेकिन जनता और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद उनके साथ है। लिहाजा वे पार्टी के संकल्पों को मजबूती से धरातल पर उतारेंगे। बात कम काम ज्यादा, के अपने सिद्धांत पर आगे बढ़ते हुए जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री अभिनंदन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, विधायक खजान दास, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, मुकेश कोली, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, सरकार में दायित्वधारी विनय रुहेला, मधु भट्ट, विनोद उनियाल, विश्वास डाबर समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार