
काेटा, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट-यूजी 2025 के परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया है। इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर जानकारी दी गई है। इसमें पांच साल पुराने पैटर्न पर एग्जाम लिया जाएगा। अब 200 की जगह 180 सवाल ही होंगे। वहीं 20 मिनट का समय भी घटाया गया है। इसके साथ ही अब पेपर दाे भागों में नहीं बल्कि एक ही प्रश्न पत्र आएगा।
करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि नीट यूजी 2021 से लेकर नीट यूजी 2024 तक के प्रश्न पत्र में 200 प्रश्न आते थे। जिसमें पेपर दाे भागों (ए और बी पार्ट) में आते थे। सेक्शन ए में फिजिक्स के 35, केमिस्ट्री के 35, बायोलॉजी (बॉटनी एवं जूलॉजी) के 70 प्रश्न होते थे।
सेक्शन बी फिजिक्स के 15, केमिस्ट्री के 15 और बायोलॉजी (बॉटनी एवं जूलॉजी) के 30 प्रश्न होते थे। सेक्शन बी मे परीक्षाथियाें के पास फिजिक्स के 15 में से किन्हीं 10 प्रश्न केमिस्ट्री के 15 में से किन्हीं 10 प्रश्न बायोलॉजी (बॉटनी एवं जूलॉजी ) के 30 में से किन्हीं 20 प्रश्न को अटेम्प्ट करने का विकल्प था।
मिश्रा ने बताया कि अब यह स्वरुप बदल दिया जाएगा। अब फिर से नीट-यूजी 2025 में 180 प्रश्न होंगे। कोविड-19 महामारी के वक्त का पैटर्न ही इस बार उपयोग में लिया जाएगा। सेक्शन ए, सेक्शन बी नहीं होगा। एक ही पार्ट में पेपर दिया जाएगा, इसमें सभी प्रश्न करने अनिवार्य होंगे। फिजिक्स के 45, केमिस्ट्री के 45 और बायोलॉजी (बॉटनी एवं जूलॉजी ) के 90 प्रश्न होंगे। परीक्षा की समय अवधि में भी परिवर्तन किया गया है। पहले नीट यूजी 2021 से नीट यूजी 2024 तक प्रश्नपत्र तीन घंटा 20 मिनट का रहता था लेकिन अब नीट यूजी 2025 का प्रश्न पत्र तीन घंटे का रहेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
