देहरादून, 26 जनवरी (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड में 76 वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य के मुख्य कार्यक्रम में झंडा फहरा कर परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इस दौरान कई विभागों की झांकियां भी निकाली गई।छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय मुख्य समारोह स्थल परेड ग्राउंड था। कार्यक्रम में राज्य के लोक कलाकारों ने सांस्कृृतिक लोक नृत्य का मनमोहक प्रदर्शन किया, जिसमें राज्य की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली। विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा छोलिया नृत्य, गढ़वाली नृत्य, पांडव नृत्य, भांगडा आदि का महमोहक प्रदर्शन किया, जिसका उपस्थित लोगों ने खूब आनंद लिया।
इस मौके पर राज्यपाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमने आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। हम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश की विकास यात्रा में उत्तराखंड भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रदेशवासियों के परिश्रम से हम न केवल आर्थिक और सामाजिक विकास के नए आयाम छू रहे हैं बल्कि देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को प्रकृति ने योग, आयुर्वेद, हनी, अरोमा और वेलनेस जैसे क्षेत्रों में विशेष आशीर्वाद दिया है। इन प्राकृतिक और सांस्कृतिक संपदाओं का बेहतर उपयोग करते हुए हमें इन्हें आर्थिक अवसरों में बदलने की दिशा में काम करना होगा।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड की मातृशक्ति और बेटियों की क्षमताओं पर गर्व करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और साहस ने प्रदेश को हमेशा नई ऊर्जा और दिशा दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाएं अपनी प्रतिभा और कौशल से उत्तराखण्ड की संभावनाओं को अवसरों में बदलकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों एवं यहां आने वाले पर्यटकों से नौ आग्रह किए थे,सभी प्रदेशवासी इन नौ आग्रहों को नौ संकल्पों में बदलकर एक समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण में अपना योगदान दें। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से इस वर्ष भी पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ राज्य को विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में 38 वें राष्ट्रीय खेल पर आधारित सूचना विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिला। इस झांकी में उत्तराखंड में होने वाले 38 वें राष्ट्रीय खेल की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं और उत्तराखंड के पारंपरिक खेल मलखंब को प्रदर्शित किया गया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सूचना विभाग की झांकी को प्रथम स्थान मिलने पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और द्वितीय स्थान पर संस्कृत शिक्षा और तृतीय स्थान पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किये।
उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक: चक्रधर अन्थवाल, अपर पुलिस अधीक्षक, आईआरबी द्वितीय उत्तराखण्ड। (विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक), नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखण्ड। (सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक), योगेश चन्द, पुलिस उपाधीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय। (सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक), भूपेन्द्र सिंह भंडारी, पुलिस उपाधीक्षक, ऊधमसिंह नगर। (सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक),रविन्द्र कुमार वर्मा (से.निण्), उप निरीक्षक स0पु0, देहरादून। (सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक)
देवेन्द्र सिंह, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, देहरादून। (राष्ट्रपति का अग्निशमन विशिष्ट सेवा पदक), दिनेश चन्द्र पाठक, लीडिंग फायरमैन, बागेश्वर। (अग्निशमन सराहनीय सेवा पदक), लक्ष्मण सिंह नेगी, लीडिंग फायरमैन, अल्मोड़ा। (अग्निशमन सराहनीय सेवा पदक), गिरीश सिंह बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी, ऊधमसिंह नगर। (अग्निशमन सराहनीय सेवा पदक)
दिनेश चन्द्र भट्ट, फायर सर्विस चालक, देहरादून। (अग्निशमन सराहनीय सेवा पदक)।
राज्यपाल उत्कृष्ठ सेवा पदक: केवल खुराना पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण उत्तराखण्ड, देहरादून,अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून, प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार, लोकजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण देहरादून, सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक, 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार, दीपक सिंह पंवार, उप निरीक्षक, पौड़ी गढ़वाल, ज्योति कन्याल, उप निरीक्षक, देहरादून, प्रमोद कुमार उनियाल, अपर उप निरीक्षक, उत्तरकाशी।
केन्द्रीय गृहमंत्री की ओर से वर्ष 2024 के लिए घोषित उत्तराखंड राज्य के बेस्ट पुलिस थाना-आईटीआई काशीपुर पुलिस थाना,ऊधमसिंह नगर का पुरस्कार थानाध्यक्ष प्रवीण कोश्यारी ने ग्रहण किया।
परेड में शामिल टुकड़ियां:
समारोह में सेना 14 वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी, 40वीं वाहिनी महिला दल, उत्तराखण्ड होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल, एन०सी०सी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन, सीपीयू ने भव्य परेड में प्रतिभाग किया। परेड करने वाली टुकड़ियों में प्रथम स्थान पर सीआरपीएफ, द्वितीय स्थान पर 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी और तृतीय स्थान पर 40वीं वाहिनी महिला पीएसी दल रहीं, जिन्हें राज्यपाल और मुख्यमंत्री की ओर से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, प्रेमचंद्र अग्रवाल, सांसद नरेश बंसल, सांसद महेन्द्र भट्ट, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डी.जी.पी. दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण,जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य लोग उपस्थित मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार