![रिमझिम इस्पात की भट्ठी में विस्फोट से चार मजदूर झुलसे रिमझिम इस्पात की भट्ठी में विस्फोट से चार मजदूर झुलसे](https://hs.sangraha.net/NBImages/3000/2025//01//25/941836ba810773fc7d17a5d25cdbf413_1110383634.jpg)
हमीरपुर, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । शनिवार को सुमेरपुर कस्बे की उद्योग नगरी में संचालित रिमझिम इस्पात लिमिटेड की भट्टी में स्क्रेप गलाते समय हुए विस्फोट से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। साथ ही आसपास मौजूद आधा दर्जन मजदूर मामूली रूप से झुलस गए हैं। दो मजदूरों को सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दो मजदूरों का उपचार फैक्ट्री के अस्पताल में चल रहा है। अन्य लोगों को मरहम पट्टी करके घर भेज दिया गया है। फैक्ट्री प्रबंधन चार मजदूरों के मामूली रूप से घायल होने की बात कह रहा है।
सुमेरपुर कस्बे की उद्योग नगरी में संचालित रिमझिम इस्पात लिमिटेड की 40 टन वाली भट्ठी में स्क्रैप गलाते समय विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आकर रामफल 45 वर्ष निवासी पंधरी, बिजभान 40 वर्ष निवासी झूंसी प्रयागराज, विश्वनाथ महतो 56 वर्ष निवासी गोपालगंज बिहार, हीरा यादव 48 वर्ष निवासी सुरहा थाना चांद, कैमुर भभुआ गंभीर रूप से झुलस गए। साथ ही आसपास मौजूद अन्य आधा दर्जन मजदूर छींटे पड़ने से मामूली रूप से जख्मी हो गए। रामफल और बिजभान को सदर अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर हैलेट कानपुर रेफर किया गया है।
विश्वनाथ एवं हीरा यादव का उपचार फैक्ट्री के अस्पताल में चल रहा है। अन्य लोगों को मरहम पट्टी के बाद घर भेज दिया गया है। फैक्ट्री मैनेजर मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज राजवीर के अनुसार चार मजदूर घायल हुए हैं। दो को कानपुर भेजा गया है और दो का उपचार फैक्ट्री के अस्पताल में चल रहा है। अन्य मजदूरों के बारे में कोई जानकारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर मिलेगी तो जांच करके कार्यवाही की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / पंकज मिश्रा
![](https://rajasthankiran.com/wp-content/uploads/2022/09/udaipurkiran-3.png)