![शिवालिक नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर जीते राजीव शर्मा शिवालिक नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर जीते राजीव शर्मा](https://hs.sangraha.net/NBImages/3000/2025//01//25/987ad5e405fe771475fac2fadfee0692_1607679063.jpg)
हरिद्वार, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । हरिद्वार जनपद में अवस्थित 14 स्थानीय निकायों में दो नगर निगम, तीन नगर पालिका परिषद और नौ नगर पंचायत हैं। सभी में मतगणना का काम चल रहा है। सबसे पहले भाजपा का खाता शिवालिकनगर नगर पालिका में खुला है, जहां भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी राजीव शर्मा ने कांग्रेस के उम्मीदवार महेश राणा को 1958 वोटो से हराया।
करीब 3 घंटे से सोशल मीडिया में खबरें फैल रही थी कि शिवालिकनगर नगर पालिका को कांग्रेस के महेश प्रताप राणा ने जीत लिया है। लेकिन अंतिम राउंड की गिनती के बाद भाजपा के राजीव शर्मा ने कांग्रेस के महेश राणा को 1958 वोटो से हरा दिया। राजीव शर्मा को 12157 तथा महेश राणा को 10199 वोट मिले।
शिवालिकनगर नगर पालिका के परिणामों ने सभी को चौंकाया। कांग्रेस एक भी वार्ड नहीं जीती, लेकिन अध्यक्ष पद पर उसने अंतिम राउंड से पहले तक बराबर बढ़त बनाए रखी। मगर अंतिम राउंड में भाजपा ने बाजी पलट दी। कुल 13 में से 9 वार्ड भाजपा ने जीते, जबकि चार निर्दलीयों ने जीतकर चौंकाया।
परिणामों के अनुसार शिवालिक नगर के वार्ड 1 से बीजेपी के वीरेंद्र अवस्थी
वार्ड 2 से बीजेपी के पंकज चौहान
वार्ड 3 से निर्दलीय नूतन
वार्ड 4 से बीजेपी के हरिओम चौहान
वार्ड 5 से भाजपा की शीतल पुंडीर
वार्ड 6 से निर्दलीय बृजेश
वार्ड 7 से निर्दलीय रॉबिन
वार्ड 8 से भाजपा के राजकुमार यादव
वार्ड 9 से भाजपा के राधेश्याम
वार्ड 10 से भाजपा के रमेश पाठक
वार्ड 11 से भाजपा की अरुणा देवी
वार्ड 12 से भाजपा की गरिमा सिंह
वार्ड 13 से निर्दलीय दीपक नौटियाल ने जीत दर्ज की है।
—————
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
![](https://rajasthankiran.com/wp-content/uploads/2022/09/udaipurkiran-3.png)