अजमेर, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनसिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पंचायत और नगरीय निकायों के चुनाव निर्धारित समय पर होंगे ताकि शेष समय विकास में लगे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को राजस्थान सरकार ने भी स्वीकार किया है और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। राजस्थान में पंचायतों के पुनर्गठन और नगरीय क्षेत्र के चुनाव निर्धारित समय पर हो जिससे शेष समय विकास में लग सके।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ शनिवार को अजमेर में मीडिया से बात कर रहे थे। वे यहां भाजपा संगठन चुनाव प्रक्रिया के पूर्ण होने पर जिला व देहात अध्यक्षों की घोषणा के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि यह खुशी की बात है कि अजमेर शहर से रमेश सोनी को फिर से जिलाध्यक्ष चुना गया है। शहरी क्षेत्र से एक मात्र नाम रमेश सोनी का ही था। उन्होंने पूर्व में राजस्थान सरकार की योजनाओं और घोषणाओं को बेहतर तरीके से धरातल पर क्रियान्वयन किया है। देहात क्षेत्र में पांच छह कर्मठ कार्यकर्ताओं के बीच मुकाबला था जिसमें से सर्वसम्मति से जीतमल प्रजापति का चुनाव हुआ। उन्होंने दोनों अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भाजपा ही है जहां धरातल के कार्यकर्ता को सर्वोच्च स्तर का सम्मान, पद और प्रतिष्ठा मिलती है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में भाजपा में संगठन पर्व चल रहा है। इसके तहत निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए थे। उन्होंने रायशुमारी कर पहले बूथ स्तर के चुनाव कराए फिर मण्डल अध्यक्षों का चुनाव किया। अब जिलाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया भी सभी की रायशुमारी से एक राय होकर पूरी कर ली गई।
इस मौके पर राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, डिप्टी मेयर नीरज जैन सहित अजमेर के अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / संतोष