RAJASTHAN

मां की प्रतिमा की बदहाल स्थिति को देख नाराज हुई वसुंधरा राजे

jodhpur

जोधपुर, 24 जनवरी (Udaipur Kiran) । अपने दो दिवसीय जोधपुर प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नगर निगम के अधिकारियों व पार्षद पर नाराज हो गई। वसुंधरा राजे सांचौर जाने के लिए जोधपुर से रवाना होने से पहले रेजिडेंसी रोड गौरव पथ स्थित भाजपा की वरिष्ठ नेता रही उनकी मां विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाने पहुंची लेकिन वहां प्रतिमा व आसपास के परिसर का सही रखरखाव नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को यहां की सफाई की नसीहत तक दे डाली। वसुंधरा राजे की नाराजगी से नगर निगम में हडक़ंप मच गया। इसके बाद आनन फानन में मूर्ति स्थल की साफ-सफाई शुरू हो गई। नगर निगम के स्थानीय पार्षद भी इस दौरान वहां मौजूद रहे।

वसुंधरा राजे ने जोधपुर से रवाना होने से पहले आज अपनी माता विजया राजे सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। यहां उन्होंने मीडिया से कहा कि जिस प्रकार से अन्य प्रतिमाओं की देखभाल होती है। वैसे ही इसका भी रखरखाव करने की बात कही थी, जिसकी पालना अब की जा रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि विजयाराजे सिंधिया ने देश और हम सब के लिए बहुत कुछ किया है। उनकी प्रतिमा यहां लगी हुई है। उसको ठीक ठाक करने की जरूरत है। कल जब मैं यहां से गुजर रही थी, तब मूर्ति की हालत देखी थी। पेड़ों के बड़े हो जाने के कारण ठीक से मूर्ति नहीं दिखाई दे रही थी। राजे ने साफ-सफाई रखने के लिए क्षेत्रीय पार्षद और कार्यकर्ताओं को सलाह दी। उन्होंने कहा कि मूर्ति स्थापित करने के बाद उसकी देखरेख भी होती रहनी चाहिए।

दस मिनट के भीतर हुआ एक्शन

इस नसीहत का असर यह हुआ कि दस मिनट के भीतर ही प्रशासन का एक्शन भी नजर आया। वसुंधरा की नाराजगी से नगर निगम में हडक़ंप मच गया। उनका सख्त लहजा सामने आने के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची। मूर्ति स्थल पर सफाई के साथ-साथ पेड़ों की कटाई और छंगाई का काम पूरा किया गया। इस दौरान मौके पर सफाई कराने में जुटे भाजपा नेता घनश्याम वैष्णव ने कहा कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए नगर निगम के महापौर और अधिकारियों से भी आग्रह किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top