विश्वविद्यालय के महिला सैल ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर किया कार्यक्रम का आयोजनहिसार, 24 जनवरी (Udaipur Kiran) । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है कि महिलाओं ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (एसटीईएम), खेल, कला और समाज सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी योग्यता साबित की है।उन्होंने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास विकसित भारत-2047 के विजन का अभिन्न अंग है।कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई शुक्रवार को विश्वविद्यालय में महिला सेल द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ‘शिक्षा और लैंगिक समानता के माध्यम से बालिकाओं का सशक्तिकरण’ विषय पर विद्यार्थियों व शोधार्थियों के लिए कविता पाठ व रंगोली बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों व विश्वविद्यालय परिवार को बालिकाओं के प्रति सम्मान दर्शाने वाले सकारात्मक वातावरण के निर्माण में शामिल करना था।कार्यक्रम के दौरान निर्णायक की भूमिका हरियाणा स्कूल आफ बिजनेस की प्रोफेसर डॉ. अंजू वर्मा, हिंदी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. गीतू धवन, अंग्रेजी एवं विदेशी भाषाएं विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. साक्षी जैन ने निभाई।महिला सेल की अध्यक्षा प्रो. दीपा मंगला ने बताया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस वर्ष 2008 में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और भारत सरकार की पहल के रूप में शुरू हुआ था। इस दिशा में काम करते हुए विश्वविद्यालय के महिला सेल द्वारा महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता फैलाने और महिलाओं की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए इन गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंप्यूटर इंजीनियरिंग से यशु, मास कम्युनिकेशन विभाग से निमिषा तथा अंग्रेजी एवं विदेशी भाषाएं विभाग से शुभम ने कविता पाठ प्रतियोगिता में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। रंगोली बनाने की प्रतियोगिता के लिए रसायन विज्ञान विभाग की प्रीति, अंजलि और दीपिका को सराहा गया। महिला सेल की सदस्य डॉ. तरुणा गेरा व डॉ. सुनीता ने मनप्रीत कौर, ललिता, पारुल व महक के साथ कार्यक्रम का समन्वय किया।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर