BUSINESS

ईपीएफओ ने नवंबर महीने के दौरान शुद्ध 14.63 लाख सदस्य जोड़े

ईपीएफओ के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली, 22 जनवरी (Udaipur Kiran) । रोजगार के मोर्चे पर अच्‍छी खबर है। कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने नवंबर महीने में शुद्ध रूप से (नेट) 14.63 लाख सदस्‍य जोड़े हैं। पिछले महीने अक्‍टूबर, 2024 के दौरान ईपीएफओ ने 13.41 लाख सदस्‍यों को जोड़ा था।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि ईपीएफओ ने नवंबर, 2024 में 14.63 लाख नेट सदस्यों को जोड़ा है, जबकि अक्‍टूबर, 2024 के दौरान ईपीएफओ ने 13.41 लाख सदस्‍यों को जोड़ा था। इस तरह ईपीएफओ से जुड़ने वाले सदस्यों की संख्‍या में शुद्ध 9.07 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, सालाना आधार पर नवंबर 2023 की तुलना में शुद्ध सदस्यों की संख्‍या में 4.88 फीसदी की वृद्धि है।

अनंतिम पेरोल डेटा के मुताबिक ईपीएफओ ने नवंबर, 2024 में करीब 8.74 लाख नए सदस्य जोड़े हैं। अक्टूबर, 2024 की तुलना में नए सदस्यों की संख्या में 16.58 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है। नए सदस्यों के सालाना आधार पर विश्लेषण से पता चलता है कि नवंबर 2023 में पिछले वर्ष की तुलना में नए सदस्यों की संख्या में 18.80 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है।

आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान ईपीएफओ से जुड़ने वालों में 18-25 आयु वर्ग के सदस्‍यों का दबदबा रहा है। नवंबर, 2024 के दौरान 18-25 आयु वर्ग में 4.81 लाख नए सदस्य जुड़े हैं, जो इस दौरान जोड़े गए कुल नए सदस्यों का 54.97 फीसदी है। वहीं, 18-25 आयु वर्ग के नए सदस्यों की संख्‍या पिछले महीने अक्टूबर की तुलना में 9.56 फीसदी ज्‍यादा है, जबकि नवंबर 2023 की तुलना में 13.99 फीसदी की वृद्धि है।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने कहा कि ईपीएफओ के जारी आंकड़ों के मुताबिक यह पहले की प्रवृत्ति के अनुरूप है, जो दर्शाता है कि संगठित कार्यबल में शामिल होने वाले अधिकांश व्यक्ति युवा हैं, मुख्य रूप से पहली बार नौकरी चाहने वाले। गौरतलब है कि अप्रैल 2018 के महीने से ईपीएफओ सितंबर 2017 से आगे की अवधि को कवर करते हुए पेरोल का डेटा जारी कर रहा है।

———–

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Most Popular

To Top