RAJASTHAN

राजस्थान में ठंड से राहत का दौर जारी, कई जिलाें में बुधवार से हल्की बारिश की चेतावनी 

ठंड फाइल फोटो

जयपुर, 21 जनवरी (Udaipur Kiran) । राजस्थान में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव के चलते ठंड से राहत का दौर जारी है। सोमवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली। जयपुर, कोटा, और उदयपुर सहित कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति मंगलवार को भी बनी रहेगी।

बुधवार, 22 जनवरी से राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव के चलते जयपुर, सीकर, झुंझुनूं सहित आठ जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हनुमानगढ़ और गंगानगर में कोहरा छटने और धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। गंगानगर में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस और हनुमानगढ़ में 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दोनों शहरों में तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

राजधानी जयपुर में भी सर्दी का असर कम हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान साफ रहने के बावजूद हल्की धुंध की वजह से सूरज की चमक थोड़ी कमजोर रही, लेकिन तापमान में वृद्धि से लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया। डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक था, जबकि पाली के जवाई बांध में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पूर्वी राजस्थान में अजमेर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीलवाड़ा में यह क्रमशः 27.6 और 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अलवर में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में अधिकतम 25.9 और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सीकर में 25.5 डिग्री अधिकतम और 12.0 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह कोटा में अधिकतम 25.9 और न्यूनतम 12.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 28.6 और 10.4 डिग्री, डबोक में 28.1 और 12.0 डिग्री, तथा करौली में 25.3 और 11.3 डिग्री तापमान रहा।

पश्चिम राजस्थान में जोधपुर का अधिकतम तापमान 27.6 और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में यह 22.7 और 8.9 डिग्री, बाड़मेर में 29.0 और 12.8 डिग्री, गंगानगर में 17.2 और 8.9 डिग्री, बीकानेर में 23.3 और 10.4 डिग्री, चूरू में 26.6 और 11.0 डिग्री, तथा नागौर में 27.6 और 12.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आर्द्रता 70 से 100 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top