
प्रयागराज, 17 जनवरी (Udaipur Kiran) । नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में 17 जनवरी को एक दिन में 4 करोड़ 32 लाख रुपए गृहकर मद में जमा कराते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस वर्ष आज तक निगम द्वारा गृहकर मद में 74 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है। जबकि शासन द्वारा वार्षिक लक्ष्य 130 करोड़ वसूलने का निर्देश दिया गया है। सम्पूर्ण राजस्व मद में निगम द्वारा इस अवधि में कुल 158 करोड़ रूपए की वसूली की गई है।
वर्तमान नगर आयुक्त चन्द्र मोहन गर्ग का अब तक का कार्यकाल अनेक नई उपलब्धियों एवं रिकार्ड के लिए स्मरण किया जाएगा। ऐतिहासिक 150 वर्ष पुराने निगम भवन का कायाकल्प हो या नागरिक सुविधा केन्द्र की स्थापना, नगर का सौंदर्यीकरण हो या कूड़े-मलबे का निष्पादन। सभी कार्य नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की अनुभवी एवं समर्पित टीम ने किया। किन्तु राजस्व-गृहकर वसूली के क्षेत्र में 2022 से प्रतिवर्ष एक नए आगाज़ के साथ उत्तरोत्तर वृद्धि आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है।
वर्ष 2022-23 में नगर आयुक्त और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के आगमन के पूर्व निगम की गृहकर वसूली कुल 72 करोड़ पर सिमटी हुई थी। जिसे नवीन प्रयास एवं सिस्टम को मजबूत बनाते हुए विगत वर्ष तक 104 करोड़ पहुंचाया गया जिसमें रिकॉर्ड 47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी-जनसम्पर्क अधिकारी पी.के द्विवेदी ने शनिवार को बताया कि इस धनराशि की वसूली के लिए उनकी टीम अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष से अनवरत जिला न्यायालय से सम्पर्क और प्रयास करते रहे। किन्तु कटरा ज़ोन में तैनात वरिष्ठ कर अधीक्षक दिलीप श्रीवास्तव द्वारा उच्च न्यायालय के वित्त विभाग के समक्ष जिला न्यायालय परिसर के गृह कर बकाए के समस्त बिंदुओं पर कृत क्वेरी एवं जांच पर सम्पूर्ण वस्तुस्थिति रिकॉर्ड के साथ स्पष्ट करते हुए गृह कर मांग के भुगतान हेतु प्रयास जारी रखा गया जिसका परिणाम सामने है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उक्त धनराशि की वसूली हेतु कटरा ज़ोन के कर अधीक्षक के साथ राजस्व निरीक्षक सतीश यादव एवं कमलेश पांडेय निरंतर प्रयासरत रहे। जिससे इतनी बड़ी धनराशि की वसूली सम्भव हो पाई। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में नगर निगम प्रयागराज एक मानक निगम के रूप में अपने सभी आयामों पर सफलता अर्जित करने हेतु कटिबद्ध है। जिसका श्रेय वर्तमान नगर आयुक्त चन्द्र मोहन गर्ग की कार्य शैली एवं अपने अधीनस्थों से सामंजस्य बिठाते हुए परिणामजनक कार्य निष्पादन को प्राथमिकता दी जाती है।
इस वर्ष की सम्भावित वसूली पर पीके द्विवेदी का कहना था कि महाकुम्भ मेले में सभी कर्मियों का उत्तरदायित्व काफी बढ़ गया है और 5-6 अमृत स्नान पर्व पर स्थानीय सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के कारण राजस्व वसूली जैसे विषय में कुछ शिथिलता आयेगी। किन्तु निगम इस वर्ष भी वसूली के कार्य में निरंतर बकायेदारों से गृहकर का बकाया कुर्की कार्यवाही के माध्यम से वसूलने में लगा हुआ है। हमारी वसूली टीम में लगे कर अधीक्षक और राजस्व निरीक्षक वसूली के लक्ष्य से आगे निकलने लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
