
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी कांग्रेस को चुनौती, कांग्रेस
की खिसक रही जमीन
हिसार, 17 जनवरी (Udaipur Kiran) । भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद
राजकुमार चाहर ने कांग्रेस को चुनौेती दी है कि वह अपने लंबे शासनकाल के बावजूद किसानों
के हित में किए गए कोई तीन कार्य बता दें, भाजपा बदले में 30 कार्य बताने को तैयार
है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने किसानों के हित में सबसे
ज्यादा काम किए हैं लेकिन कांग्रेस किसानों व संविधान के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने
का प्रयास कर रही है।
सांसद राजकुमार चाहर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता
के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी किसान हितैषी
नहीं रही, कांग्रेस ने अपने लंबे शासन के बावजूद किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं
दिया, स्वामीनाथन की सिफारिशें लागू नहीं की और अब वह किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू
बहा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश की सरकारें किसानों से हर समय वार्ता
को तैयार है और किसानों को इसके लिए आगे आना चाहिए। वास्तव में अपनी खिसकती जमीन को
बचाने के लिए कांग्रेस व उसके सहयोगी दल किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जितनी किसान हितैषी नीतियां लागू की है, वह एक उदाहरण है
और इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
भाजपा किसान नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसान
सम्मान योजना लागू की गई। इसके अलावा अनेक ऐसी नीतियां बनाई गई, जिससे किसानों को फायदा
मिले और वे आर्थिक रूप से मजबूत हों। उन्होंने हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की
प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां पर सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है, जो देशभर में
एक उदाहरण है। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों
का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि दीपेन्द्र हुड्डा अभी डिप्रेशन से बाहर नहीं निकल
पाए हैं। वास्तव में दीपेन्द्र व उनके पिता भूपेन्द्र सिंह दोनों ही मुख्यमंत्री बनने
के ख्वाब देख रहे थे, जो अधूरा रह गया और अब वे डिप्रेशन में है।
मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री
रणबीर गंगवा, जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, प्रदेश सचिव सुरेन्द्र आर्य, जिला उपाध्यक्ष
रणधीर सिंह धीरू, संजीव रेवड़ी, पूर्व मंत्री अनूप धानक, चेयरमैन सोनू डाटा, रवि सैनी,
संदीप आजाद, राजेन्द्र सपड़ा, मनदीप मलिक, सरोज सिहाग, सह मीडिया प्रभारी विक्रम कासनिया,
राजकुमार शर्मा व सतपाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
