HEADLINES

नौसेना नागरिक वर्ष समारोह कल, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि

नई दिल्ली, 16 जनवरी (Udaipur Kiran) । भारतीय नौसेना 17 जनवरी को नई दिल्ली में डीआरडीओ भवन के डॉ. डीएस कोठारी ऑडिटोरियम में नौसेना नागरिक वर्ष समारोह आयोजित करेगी। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार समारोह में नौसेना नागरिकों की उल्लेखनीय उपलब्धियों और योगदानों को प्रेरक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें नौसेना नागरिकों के कार्य, जीवन और कहानियों को उजागर करने वाली तस्वीरें और पेंटिंग्स की प्रदर्शनी शामिल होगी। यह नौसेना के अभियानों के विभिन्न पहलुओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिकाओं और उपलब्धियों की झलक पेश करेगा। नौसेना नागरिक, नौसेना के लिए काम करते हैं लेकिन इस सेना के सदस्य नहीं होते। वे नौसेना संचालन में विभिन्न सहायक कार्य करते हैं।

मुख्य अतिथि को प्रधानमंत्री श्रम पुरस्कार प्राप्त करने वालों से मिलवाया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण कौशल, समर्पण और नवाचार प्रदर्शित किया है। इसके बाद नौसेना अध्यक्ष का संबोधन होगा, जिसमें वे नौसेना अभियान में नौसेना नागरिकों की अभिन्न भूमिका का उल्लेख करेंगे और वर्षभर उनकी उपलब्धियां मनाई जाएंगी। नौसेना नागरिक वर्ष समारोह में इन कर्मचारियों की भावना, समर्पण और योगदान को दर्शाने वाली एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। फिल्म उनके काम और योगदान को सराहना प्रदान करेगी।

नौसेना नागरिकों के लिए एक विशेष गीत ‘जी जान लगन से’ तैयार किया गया है। इस गीत की खूबसूरती इस बात में है कि इसके गीतकार, संगीतकार और गायक सभी नौसेना नागरिक कर्मचारी हैं। इसमें वाद्य यंत्र नौसेना के केंद्रीय बैंड के सदस्यों द्वारा बजाए गए हैं। पूरी टीम को संगीत निर्देशक (नौसेना) कमांडर सतीश चैंपियन ने प्रशिक्षित किया है। यह नौसेना नागरिकों और वर्दीधारी नौसैनिकों के बीच सहज सम्मेलन का उल्लेखनीय उदाहरण है। नौसेना नागरिक वर्ष आयोजन में गायकों द्वारा गाए इस गीत को लाइव प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम में चयनित नौसेना नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। नौसेना की सफलता में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए रक्षा मंत्री छह श्रेणियों में अनुकरणीय सेवा के लिए सराहनीय और नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / दधिबल यादव

Most Popular

To Top