
-रजत गुप्ता ने ट्रायथलॉन रेस में बनाया विश्व रिकॉर्ड
-180 साल के इतिहास में ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय
-ऐसे पहले भारतीय जो इंग्लैड की रीडिंग यूनिवर्सिटी में पहले ही साल में कैप्टन बनाए गए
गुरुग्राम, 15 जनवरी (Udaipur Kiran) । ट्रायथलॉन…। यह दुनिया की सबसे कठिन रेस है। विदेशी धरती पर मौसम की विपरीतता के बीच इस रेस में गुरुग्राम के रजत गुप्ता ने झंडे गाड़े हैं। अधिकतम तय समय 17 घंटे में से मात्र 12 घंटे 32 मिनट एवं 13 घंटे 36 मिनट में रजत गुप्ता ने इस रेस को पूरा करके वल्र्ड रिकॉर्ड बना दिया। उनकी इस उपलब्धि के बाद वर्ष 2024 की अब जारी हुई रैकिंग में रजत गुप्ता नंबर-1 खिलाड़ी बन गए हैं।
ट्रायथलॉन रेस को आयरन मैन रेस भी कहा जाता है। यह दुनिया की सबसे कठिन रेस होती है। रजत गुप्ता ने ट्रायथलॉन में बिना रुके 3.8 किलोमीटर स्विमिंग, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42 किलोमीटर रनिंग की है। इन तीनों को पूरा करने के लिए अधिकतम 17 घंटे का समय निर्धारित होता है। हाल ही में जारी हुई वल्र्ड रैंकिंग के अनुसार जून 2024 में आस्टरिया देश के क्लेजनफर्ट शहर में 12 घंटे 32 मिनट में एवं अक्टूबर महीने में मलेशिया देश के लंकावी शहर में आयोजित आयरन मैन रेस को 13 घंटे 36 मिनट में रजत गुप्ता ने पूरा किया। रजत गुप्ता पहले ऐसे भारतीय बन गए हैं, जो 18 से 24 साल के आयु वर्ग में वल्र्ड चैंपियनशिप में खेलने जाएंगे। अब वे फ्रांस में होने वाली वल्र्ड चैंपियनशिप में भाग लेंगे । यह चैंपियनशिप सितंबर 2025 में होगी। साथ ही जर्मनी में जून में होने वाली यूरोपियन चैंपियनशिप में भी वे जाएंगे।
21 साल की उम्र से रजत कर रहे हैं रेस
रजत गुप्ता के मुताबिक वे 21 साल की उम्र से वर्ष 2021 से रेस में भाग ले रहे हैं। वे टेबल टेनिस भी खेलते थे। रजत ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से एफिलिएटेड हेलने बिजऩेस स्कूल से पढ़ाई की है और वंहा पर भी वे केप्टन रह चुके है।इस पद तक पहुंचने वाले 180 साल में वे पहले भारतीय हैं। इससे पहले भी सितंबर 2022 में इंग्लैंड के वेल्स शहर में आयोजित दुनिया की सबसे कठिन मानी जाने वाली वेल्स आयरन रेस को ये खिलाड़ी 14 घंटे में पूरा कर चुका है। 24 वर्षीय रजत गुप्ता खेल की दुनिया के बहुत ही प्रतिभावान खिलाड़ी हैं।
रजत गुप्ता शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री गुरुग्राम के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार गुप्ता के पुत्र हैं। रजत गुप्ता के खेल की दुनिया में सफलता के लिए प्रोग्रेसिव फैडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के पैटर्न इन चीफ बोधराज सीकरी, पैटर्न हरीश घई, चेयरमैन दीपक मैनी, वाईस चेयरमैन डॉ. एसपी अग्रवाल, डायरेक्टर एडवोकेट आरएल शर्मा, डायरेक्टर डॉ. अंशुल ढींगरा एवं पीएफटीआई की समस्त कोर कमेटी की ओर से शुभकामनाएं दीं।
(Udaipur Kiran) हरियाणा
