Uttrakhand

मकर संक्राति-उत्तरायणी पर न्यौते कौवे, खिलाई खिचड़ी

श्रीराम सेवक सभा में खिचड़ी का प्रसाद वितरित करते पूर्व पालिकाध्यक्ष संजीव आर्य।

नैनीताल, 14 जनवरी (Udaipur Kiran) । मकर संक्राति पर उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध ऋतु पर्व उत्तरायणी एवं माघ मास के शुभारंभ पर जनपद मुख्यालय में धार्मिक आस्था एवं विश्वास तथा हर्षोल्लास का माहौल रहा। इस अवसर पर घरों में विशेष पकवान ‘घुघुते’ परंपरागत तरीके से बनाये गये एवं इनके माध्यय से कौवे न्यौते यानी आमंत्रित किये गये। साथ ही मास यानी उड़द की खिचड़ी प्रसाद स्वरूप खाई-खिलाई भी गयी।

नगर की सबसे पुरानी धार्मिक-सामाजिक संस्था श्री राम सेवक सभा के खिचड़ी महाभोग में सैकड़ों लोगों ने खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर श्री राम सेवक सभा भवन में विशेष खिचड़ी का आयोजन किया गया, जिसमें मास और चावल के साथ मूली, खीरे का सलाद और धनिया-मिर्च की चटनी परोसी गई। बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान सूर्य और शनि की कृपा प्राप्त करने के लिए प्रसाद रूप में खिचड़ी का आनंद लिया।

कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष मनोज साह, उपाध्यक्ष अशोक साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, राजेंद्र बिष्ट, बिमल चौधरी, विमल सह, पूर्व महासचिव मुकुल जोशी, पूर्व विधायक संजीव आर्य, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी, डॉ. मनोज बिष्ट (गुड्डू), मोहित लाल साह, आशु बोरा, प्रो. ललित तिवारी, राजीव लोचन साह, बबली, गिरीश भट्ट, चंद्र प्रकाश सह, दिनेश चंद्र, आनंद बिष्ट, मनोज जोशी, देवेंद्र लाल साह, दिनेश भट्ट और भगवान कुंवर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

उधर, घरों में लोगों ने घुघुता पक्षी के साथ ढाल, तलवार, अनार, हुड़का सहित विभिन्न आकारों के घुघुते कहे जाने वाले आटे से मीठे पकवान बनाये। मंदिरों में दर्शनों का भी पूरे दिन सिलसिला चलता रहा।

बसंत पंचमी पर सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन:

श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह ने जानकारी दी कि आगामी 02 फरवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर सभा भवन में सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top