
-न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान 2-2 डिग्री बढ़ामुरादाबाद, 05 जनवरी (Udaipur Kiran) । जनपद में छह दिन बाद रविवार को सूर्य देवता के दर्शन हुए। माैसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम और अधिकतम तापमान दाे-दाे डिग्री बढ़ गया है। रविवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिन मुरादाबाद का
न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
जनपद में सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार को मुरादाबाद में सूर्यदेव नजर नहीं आए थे। लगातार छह दिन सूरज न निकलने से ठंड का प्रकोप बहुत अधिक बढ़ गया। जनपद का न्यूनतम और अधिकतम तापमान चार डिग्री तक नीचे आ गया था। बच्चे हों या बड़े, सभी घरों में कैद रहे और काॅलोनियों, मोहल्लों, गलियों, सड़कों व बाजारों में सन्नाटा छाया रहा।
मौसम विशेषज्ञ प्रो. एके सिंह ने बताया कि रविवार रात में घना कोहरा छा सकता है जो सोमवार तक जारी रहेगा। इसके साथ ही सोमवार को मुरादाबाद में बादल छाए रहेंगे और सूरज नहीं दिखेगा। मंगलवार को ही सूर्यदेव निकल सकते हैं। आने वाले सप्ताह में ठंड के साथ शीतलहर और बढ़ेगी। न्यूनतम और अधिकतम पारा दो-दो डिग्री और नीचे आ सकता है।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
