
हिसार, 25 दिसंबर (Udaipur Kiran) । व्यवस्था परिवर्तन करने के लिए मजबूत राजनीतिक सोच की आवश्यकता है। तभी हम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को सिद्धि तक ले जा सकते हैं। यह बात बुधवार काे शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने लघु सचिवालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। बुधवार को कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा में सरकारी विभागों को हाईटैक बनाने के लिए वर्तमान सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को नैतिक मूल्यों को समझने की आवश्यकता है। बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध है। देश के महापुरुषों की जीवनी को विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। विद्यार्थियों को वास्तविक इतिहास की घटनाओं से रूबरू करवाया जाएगा। हरियाणा सरकार नई शिक्षा नीति पर अनेक सुझावों पर विचार कर रहे हैं, जो सुझाव विद्यार्थियों के पक्ष में होंगे उनको लागू किया जाएगा।ढांडा ने एक पत्रकार के नए जिले बनाने के सवाल पर कहा कि गठित कमेटी की मंत्रणा जारी है, अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमेटी में आए सुझावों पर जनता के हित को देखते हुए निर्णय किया जाए। हरियाणा सरकार ने 20 किलोमीटर की दूरी पर बच्चों की पढ़ाई के लिए कॉलेज खोलने का निर्णय लिया हुआ है। इसके अलावा खाली पदों को जल्द भरा जाएगा। हरियाणा सरकार ने लड़कियों के लिए स्नातक तक की शिक्षा को नि:शुल्क किया हुआ है। सरकार का लक्ष्य है कि कम खर्च में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाए।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
