HimachalPradesh

सिरमौर में धान की खरीद का कार्य जारी, पोंटा क्षेत्र में बारिश से फसल को नुकसान

नाहन, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । सिरमौर जिला के पोंटा साहेब क्षेत्र को धान की पैदावार के लिए जाना जाता है, जहां लगभग 5,000 हेक्टेयर भूमि पर धान की व्यवसायिक खेती की जाती है। इस वर्ष के लिए एक लाख 90 हजार क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है।

अभी तक, 368 किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी धान बेचकर लाभान्वित हो चुके हैं। उप निदेशक कृषि डॉ. राजकुमार ने जानकारी दी कि इस वर्ष धान खरीद का समर्थन मूल्य 2,320 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है।

जिला में धान की खरीद के लिए दो विक्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं—एक पोंटा साहिब में और दूसरा धौलाकुआं में, जहां किसानों से औसतन 50 क्विंटल तक धान की खरीद की जा रही है।

हालांकि, इस बार पोंटा क्षेत्र में बादल फटने की घटना के कारण कुछ इलाकों में धान की फसल को नुकसान भी पहुंचा है। डॉ. राजकुमार ने बताया कि बावजूद इसके, अधिकांश किसानों की फसल अच्छी रही है और धान की गुणवत्ता भी बेहतर है।

किसान अब धान की बिक्री से लाभ कमाने की उम्मीद कर रहे हैं, जबकि कृषि विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top