Delhi

सार्वजनिक जगह पर शराब पीने से रोकने पर हेड कांस्टेबल को पीटा

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी जिले के विकासपुरी इलाके में शाम को गश्त पर निकले पुलिस के हेड कांस्टेबल ने सार्वजनिक जगह पर शराब पीने से रोका तो गुस्साए दो युवकों ने हेड कांस्टेबल को जमकर पीटा। वारदात के बाद एक आरोपित फरार हो गया। जबकि दूसरे को घायल पुलिसकर्मी ने दबोच लिया। विकासपुरी थाना पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी के बयान पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस आरोपित के दूसरे साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पश्चिमी जिला के डीसीपी विचित्र वीर ने बताया कि पीड़ित हेड कांस्टेबल अशोक कुमार विकासपुरी थाने में तैनात है। अशोक कुमार 21 अक्टूबर की शाम को गश्त के लिए पंचवटी मार्केट कॉम्प्लेक्स पहुंचे थे। जहां दो युवक खुले में बैठ कर शराब पी रहे थे। अशोक कुमार ने दोनों को वहां से जाने के लिए कहा और उन्हें रोकने की कोशिश की। जिस पर शराब पी रहे दोनों युवक अशोक कुमार से हाथापाई करने लगे। हाथापाई के दौरान हेडकांस्टेबल अशोक कुमार को चोटें आईं। आरोपितों ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। वारदात के बाद एक आरोपित वहां से गुजर रहे एक ट्रक में चढ़ कर भागने में सफल रहा। जबकि दूसरे को घायल हेड कांस्टेबल ने दबोच लिया। हेड कांस्टेबल अशोक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। विकासपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अशोक के बयान पर केस दर्ज कर आरोपित अमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फरार आरोपित मटरू की पहचान कर ली है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top