Uttrakhand

पेड़ पर लटका मिला दिव्यांग का शव, जांच में जुटी पुलिस

हरिद्वार, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र में आम के बाग में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक मूक बधिर था, जिसका शव पेड़ पर लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। इसके बाद भगवानपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर थाना क्षेत्र के खेलपुर गांव के पास आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। कुछ ही देर में बाग में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान समीर उम्र 25 वर्ष पुत्र फैयाज निवासी मोहितपुर, भगवानपुर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि युवक मूक बधिर यानी गूंगा और बहरा था, जो काफी समय से अपनी मां के साथ भगवानपुर में रह रहा था। युवक भगवानपुर में ही किसी शख्स की दुकान पर काम करता था।

बताया जा रहा है कि युवक की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। हालांकि, आसपास के लोगों का कहना है कि वो पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रहा था। घटना की जानकारी आनन-फानन में भगवानपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की डेड बॉडी को नीचे उतारा गया। पुलिस ने मौके पर घटना की जानकारी जुटाई और शव कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भगवानपुर थानाध्यक्ष सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top