Uttrakhand

भाजपा ने पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी है : विधायक सरिता आर्य

पत्रकार वार्ता करते भाजपा विधायक सरिता आर्य एवं अन्य भाजपा नेता।

नैनीताल, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भाजपा की स्थानीय विधायक सरिता आर्य ने रविवार को नैनीताल क्लब में आयाेजित पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी दी। विधायक सरिता आर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार और चोरी व्यापक स्तर पर होती थी, जबकि भाजपा ने पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी है।

पत्रकार वार्ता में मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’ एवं दायित्वधारी दिनेश आर्य आदि भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से प्रगति कर रहा है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्हाेंने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा और ऊर्जा प्रबंधन को पारदर्शी बनाने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। उन्हाेंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मेट्रोपोल क्षेत्र में सतही पार्किंग और कैंट क्षेत्र में एक नई पार्किंग तथा नगर में मल्टी-स्टोरी का निर्माण किया जाएगा। लकड़ी टाल में रह रहे परिवारों और फड़ व्यापारियों को पंत पार्क से नहीं हटाने तथा उनकी आजीविका सुरक्षित रखा जाएगा।

बताया गया कि खनन से राज्य सरकार को 1200 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोटाबाग में एक हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा भवाली सेंटोरियम से कैंची बायपास मार्ग को 15 जून से पहले चालू करने का भी दावा किया गया।

पत्रकार वार्ता में हुकुम सिंह कुंवर, आनंद बिष्ट, मनोज साह जगती सहित सहित कई प्रमुख भाजपा नेता भी उपस्थित रहे।

कांग्रेसियों ने दिया कमिश्नरी घेराव की तैयारियों को अंतिम रूप

नैनीताल। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने रविवार काे पूर्व विधायक संजीव आर्य की अगुवाई में कल सोमवार को आयोजित होने वाले कमिश्नरी घेराव कार्यक्रम के लिये नगर अध्यक्ष अनुपम कबडवाल के साथ डीएसए मैदान में मंच निर्माण सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया। संजीव आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास पीछे और लव-थूक जिहाद जैसे मुद्दे आगे आ गये हैं। कांग्रेस पार्टी ने इसके विरुद्ध जनता को जागरूक करने एवं पार्टी जनों को सक्रिय करने के लिये यह कार्यक्रम रखा है। इससे पहले रुद्रपुर व हल्द्वानी में ऐसे ही कार्यक्रम हुए हैं। कमिश्नरी घेराव के दौरान भाजपा सरकार को दो दर्जन मुद्दों पर घेरा जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top