Delhi

दिल्ली की हवा-पानी को दूषित कर रही भाजपाः आतिशी

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार लगातार प्रदूषण को कम करने के लिए काम कर रही है, जबकि भाजपा प्रदूषण पर केवल राजनीति करना जानती है, काम नहीं। आतिशी ने बताया कि केंद्र सरकार का डाटा खुद कहता है कि पंजाब में आआपा सरकार के प्रयासों से पराली जलने की घटनाएं आधी हो गई हैं, उधर भाजपा शासित हरियाणा और उप्र में पराली की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। दिल्ली में आआपा सरकार सार्वजनिक परिवहन की बसों को तेजी से इलेक्ट्रिक में बदल रही, जबकि आज भी आनंद विहार डिपो पर भाजपा शासित यूपी-हरियाणा से आने वाली सभी बसें डीजल की हैं, जिससे प्रदूषण होता है।

मुख्यमंत्री आतिशी ने आआपा के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली में एक भी ईट भट्टा नहीं है। भाजपा शासित हरियाणा-उप्र के हजारों ईट-भट्टों से दिल्ली में प्रदूषण हो रहा है। भाजपा शासित हरियाणा की इंडस्ट्री का 165 एमजीडी प्रदूषित पानी यमुना में छोड़ा जाता है, वहीं उप्र से 55 एमजीडी गंदा पानी यमुना में छोड़ा जाता है, जो यमुना को गंदा करता है। यमुना नदी से झाग को खत्म करने के लिए आआपा सरकार सिलीकॉन बेस्ड फूड ग्रेड डीफॉमर का छिड़काव शुरू करवा रही है, जिससे यमुना का प्रदूषण कम होता है।

सत्येंद्र जैन ने कहा कि आजकल दिल्ली के अंदर यमुना में प्रदूषण को लेकर काफी बात हो रही है। भाजपा के कई नेता वहां फोटोशूट कराने के लिए जाते हैं और उन फोटोज़ को कभी इधर दिखाते हैं कभी उधर दिखाते हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हम यमुना का प्रदूषण खत्म कर देंगे और यमुना को साफ करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू हो गया था। जब काम शुरू हुआ तो भाजपा को लगने लगा कि वाकई में अगले चुनाव से पहले यमुना साफ हो जाएगी तो भाजपा ने पहले मुझे अरेस्ट किया क्योंकि केजरीवाल ने यमुना साफ करवाने की जिम्मेदारी मुझे दी थी। बाद में केजरीवाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। इसका कारण यही था कि भाजपा वाले खुद तो गंगा साफ नहीं कर पाए लेकिन उन्हें ये जरूर पता था कि आआपा यमुना साफ कर देगी।

सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली के नजफगढ़ ड्रेन में बादशाहर पुर ड्रेन गिरती है। बादशाहपुर ड्रेन हरियाणा से आती है। दिल्ली की कोई इंडस्ट्री नहीं है। जबकि बादशाहपुर ड्रेन के अंदर सारा इंडस्ट्रियल वेस्ट गिरता है। बादशाहपुर ड्रेन दिल्ली में नजफगढ़ ड्रेन को गंदा करते हुए यमुना नदी के अंदर जाता है। यमुना नदी के अंदर दो तरह का वेस्ट जाता है जिसमें पहला ह्यूमन वेस्ट है, जो इतना खतरनाक नहीं होता है। दूसरा इंडस्ट्रियल वेस्ट है। ये इंडस्ट्रियल वेस्ट दिल्ली के अंदर पैदा नहीं होता है। ये या तो यूपी की ओर से शाहदरा ड्रेन में आता है जोकि 55 एमजीडी है। दूसरा बादशाहपुर से आता है और तीसरा डीडी थ्री से आता है। तीनों मिलाकर लगभग 150-175 एमजीडी इंडस्ट्रियल वेस्ट दिल्ली के अंदर आता है जोकि बहुत खतरनाक वेस्ट है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top