Uttar Pradesh

जिला कारागार झांसी में 40 बंदी महिलाओं में आठ रखेंगी करवा चौथ का व्रत

व्रत का सामान पाकर खुश होती महिला कैदी

झांसी, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा पवित्र त्योहार करवा चौथ रविवार को मनाया जा रहा है। पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए इस दिन व्रत रखती हैं। झांसी जिला कारागार में बंद महिला कैदी करवा चौथ का व्रत रख कर मनाएगी। जिला जेल में बंद महिला बंदी अपने पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। जेल में कुल 40 महिला बंदी कैद हैं। इनमें से आठ महिला बंदी इस कठिन व्रत को रखेंगी।

गौरतलब है कि झांसी जिला जेल में 40 महिला बंदी हैं। इनमें से आठ महिलाएं आज रविवार को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। दो महिलाओं के पति भी उनके साथ जेल में बंद हैं। इनके लिए अलग से व्यवस्था भी की जा रही है, लेकिन यह रियायत अनुशासन के साथ और सीमित समय के लिए ही मिलेगी।

जेल प्रशासन द्वारा करवा चौथ का व्रत रखने वाली सभी महिला बंदियों की सूची तैयार की गई है। महिलाओं को व्रत से जुड़ी सभी जरूरी चीजें भी उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके लिए जेल प्रशासन ने समाजसेवी संस्थाओं की मदद ली है। जिन महिलाओं के पति भी उनके साथ जेल में बंद हैं,उन्हें विशेष तौर पर उस दिन उनके पति से मिलवाया जाएगा। कॉमन बैरक में यह मुलाकात होगी। वहां महिला बंदी अपने पति से मिल सकती हैं। वहां वह चांद के दर्शन के बाद अपने पति के साथ पूजा भी कर सकती हैं।

जेलर कस्तूरी लाल गुप्ता ने बताया कि त्योहारों के अवसर पर जेल में रहने वाले कैदियों के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। करवा चौथ के अवसर पर भी जो महिलाएं व्रत रखेंगी, उनके लिए व्रत से संबंधित करवा, चलनी और पूजन की अन्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इन रश्मों रिवाजों के बीच करवा चौथ का पर्व मनाने के साथ सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है।

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top