Madhya Pradesh

ग्वालियर: शहर में अधिकतम तापमान पहुंचा 37 डिग्री के पास

ग्वालियर, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । सितम्बर में हुई जबरदस्त बारिश के बावजूद गर्मी के तेवरों में कोई कमी नहीं आई है। तेज धूप और उमस के कारण अक्टूबर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच रहा है। हालांकि मौसम विभाग के आंकड़े देखें तो यहां पिछले सालों में भी अक्टूबर माह में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।

ग्वालियर शहर में पिछले पांच दिनों से मौसम शुष्क है। सुबह से ही काफी तेज धूप निकल रही है जबकि हवाओं की गति मंद है। इस वजह से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज होने से रात का मौसम कुछ ठंडा बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ रात में ठंड का असर बढऩे की संभावना है लेकिन दिन में फिलहाल गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय मध्य पूर्व अरब सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अगले दो दिनों के दौरान इसके पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढऩे की संभावना है। इसके प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्के से मध्यम बादल छा सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 36..8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 78 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 08 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 61 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 06 प्रतिशत अधिक है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top