RAJASTHAN

मानस रामलीला का मंचन 25 से : मानस रामलीला में गूंजेगी अरूण गोविल की आवाज

jodhpur

जोधपुर, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । श्री रामलीला आयोजन समिति की ओर से तीन दिवसीय मानस रामायण का आयोजन 25 अक्टूबर से कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर में किया जाएगा। खास बात यह है कि इस रामलीला में तीन सौ से अधिक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 10 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक के कलाकार शामिल है। यह सभी जोधपुर के ही रहने वाले हैं। इनमें स्कूल स्टूडेंट से लेकर व्यावसायिक उद्यमी भी कलाकार बने हुए हैं। बिना किसी शुल्क के सभी रामलीला की रिहर्सल में पिछले करीब डेढ़ दो माह से जुटे हुए हैं।

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. निर्मल गहलोत ने बताया कि इस बार की रामलीला आधुनिक समय को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है जिसमें कई बड़े कलाकारों ने अपनी आवाज दी है। इसमें रामानंद सागर के रामायण सीरियल में राम की भूमिका अदा करने वाले अरुण गोविल ने भी आवाज दी है। पहले रामायण वर्षों से एक ही शैली में नजर आती थी, लेकिन समय के साथ इसमें बदलाव आया है। इसमें अभिनय की शैली को भी बदला गया है। इसका मुख्य फोकस यूथ है और इसे यथार्थवादी शैली में बनाया गया है। सम्पूर्ण रामलीला के मंचन के दौरान हनुमान चालीसा वाचन का रिकॉर्ड बनने जा रहा है। प्रत्येक दिन अतिथियों, गणमान्य नागरिकों के अतिरिक्त कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक आगंतुकों को हनुमान चालीसा का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। इस तरह करीब एक लाख हनुमान चालीसा का वितरण किया जाएगा। प्रत्येक दिन हनुमान चालीसा के सामूहिक वाचन कर रामलीला की शुरुआत होगी। जो एक अलग ही धर्ममय वातावरण की अनुभूति कराएगी।

रोजाना 2 घंटे 46 मिनट का मंचन

इस रामायण की समय अवधि 2 घंटे 46 मिनट रहेगी। इस मानस रामलीला का म्यूजिक मुंबई में तैयार किया गया हैं। वहीं ग्राफिक्स वडोदरा, जोधपुर में बनाए गए हैं। रामायण सीरियल में राम का पात्र अदा करने वाले अरुण गोयल की आवाज इस रामायण में होगी। वहीं रावण की आवाज विनोद भट्ट ने की है। भरत की आवाज अयोध्या प्रसाद गौड़ ने की। गीत आलोक राज ने लिखे हैं। वहीं दिव्य कुमार, सुदीप कुमार, सुरेश वाडेकर ने गीत गाए हैं। इस रामलीला के लिए आधुनिक ट्रैक बनाया गया है। इसी ट्रैक और ग्राफिक्स को लेकर पूरे भारत में रामलीलाओं का आयोजन होगा। इसके लिए इस ट्रैक का कोई कॉपीराइट नहीं रखा गया है। इसी ट्रैक से ग्रेटर नोएडा, अयोध्या, इंडोनेशिया में भी कथा होगी।

एक लाख निमंत्रण पत्रक करेंगे वितरित

उन्होंने बताया कि रामलीला में शहरवासियों को निमंत्रित करने के लिए एक लाख के करीब पत्रक छपवाए गए हैं। जिन्हें समिति से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर वितरित करेंगे। रामलीला के प्रारंभ से पहले रोजाना सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी होगा। पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर 40 समितियां का गठन किया गया है। रामलीला के लिए 200 फीट लंबे, 80 फीट चौड़े और 30 फीट वाले ऊंचाई का स्ट्रक्चर तैयार किया गया है। पूरे परिसर में करीब 150 एलईडी लगाई जाएगी। रामलीला देखने वाले दर्शकों को जीवंत मंचन के माध्यम से भगवान राम के आदर्शों के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए स्पेशल ग्राफिक्स का सहयोग भी लिया जाएगा मानस रामलीला के निदेशक अरुण स्वामी व्यास है जबकि इसकी पूरी स्क्रिप्ट लेखन अयोध्या प्रसाद गौड़ ने लिखी है।

शहर के संतों का रहेगा सांनिध्य

समिति के मुख्य संरक्षक सत्यनारायण धूत ने बताया कि सम्पूर्ण रामलीला में प्रत्येक दिन कार्यक्रम का शुभारंभ संतों के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। इसी कड़ी में सैनाचार्य अचलानंद गिरी महाराज, परमहंस रामप्रसाद महाराज, स्वामी अमृतराम महाराज, संत हरिराम शास्त्री, संत शान्तेश्वर महाराज, वैदेही जगदगुरू वल्लभाचार्य महाराज, संत कृपाराम महाराज, आचार्य भागीरथदास महाराज, संत दयाराम महाराज, महंत रामेश्वरदास महाराज, संत मुिनश्वर गिरी महाराज, संत सुंदर दास प्रभु, संत योगी प्रेमदास महाराज, संत रूपचंद महाराज, संत रामतन महाराज, राम कथा वाचक मुरलीधर महाराज, भाई रवि महाराज, बालव्यास राधाकृष्ण महाराज के कर कमलों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top