Madhya Pradesh

ग्वालियर: रात में सर्दी की दस्तक, 18 डिग्री पर आया न्यूनतम पारा

ग्वालियर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । आसमान साफ होने के साथ ही मौसम अब सर्दी की ओर अग्रसर हो चला है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके चलते मंगलवार की रात और बुधवार को सुबह हल्की सर्दी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार अब धीरे-धीरे रात में सर्दी बढ़ेगी लेकिन फिलहाल दिन में गर्मी का असर बना रहेगा।

पिछले एक सप्ताह से बादल छाए रहने और हवा में नमी की अधिकता होने की वजह न्यूनतम तापमान में गिरावट नहीं हो पा रही थी लेकिन बीते मंगलवार से मौसम शुष्क है। बुधवार को भी मौसम शुष्क रहने से धूप काफी तेज रही। इस कारण अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। पिछले दो दिन से हवा में नमी भी घट रही है। इस वजह से पिछले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश सहित पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो चुकी है। हालांकि इस समय बंगाल की खाड़ी, गंगीय पश्चिम बंगाल, असम और पड़ोसी बांग्लादेश में मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं लेकिन इनका उत्तर और मध्य भारत में कोई असर नहीं है। ग्वालियर एवं चंबल संभाग में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा।

दिवाली तक दिन में सताएगी गर्मी: मौसम विभाग के अनुसार अब धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। जिससे रात में सर्दी का असर बढ़ेगा लेकिन अधिकतम तापमान फिलहाल 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने से दिवाली तक दिन में अभी गर्मी का असर बना रहेगा। नवम्बर के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ दिन में भी सर्दी की शुरुआत होगी।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 79 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 10 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 59 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 06 प्रतिशत अधिक है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top