Madhya Pradesh

ग्वालियर: अब रात में शुरू होगी गुलाबी सर्दी, 22 से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान

ग्वालियर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मंगलवार को पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो चुकी है। ऐसे में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। अब धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। जिससे रात में हल्की सर्दी की शुरुआत होगी। आज ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। अगले चार से पांच दिन में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने की संभावना है।

ग्वालियर में एक अक्टूबर को मानसून वापसी की आधिकारिक घोषणा की गई थी। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में विकसित हुईं ताजा मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पिछले एक सप्ताह से बादल घुमड़ रहे थे लेकिन मंगलवार को मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया। आसमान साफ होने से आज दिन भर धूप काफी तेज रही। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो चुकी है।

हालांकि अभी दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं पूर्वोत्तर बांग्लादेश आदि स्थानों पर मौसम प्रणालियां मौजूद हैं लेकिन इनका असर उत्तर व मध्य भारत में नहीं है। इसलिए फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और रात में हल्की ठंड बढ़ेगी। हालांकि अभी अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। जिससे दिन में गर्मी का असर बना रहेगा। नवम्बर के पहले सप्ताह से अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ दिन में भी सर्दी की शुरुआत होगी।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 88 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 19 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 62 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से 09 प्रतिशत अधिक है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top