RAJASTHAN

बच्चों ने देखी विधानसभा : विधानसभा अध्यक्ष ने राजनैतिक आख्यान संग्रहालय के बारे में बताया बच्चों को

राजस्थान विधानसभा और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन

जयपुर, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर राज्य के विभिन्न जिलों के बच्चे शैक्षणिक भ्रमण पर जयपुर आकर राजस्थान विधान सभा और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन कर ज्ञानवर्धन कर रहे है। डीडवाना-कुचामन जिले की कुचामन सिटी के बीआर खोखर मेमोरियल शिक्षण संस्थान के कक्षा छह से 12 तक के छात्र-छात्रा और शिक्षक सोमवार को राजस्थान विधानसभा आये। विधान सभा जन दर्शन के तहत विधान सभा को देखा और अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मुलाकात की।

देवनानी ने बच्चों से परिचय लिया। उनके वि‌द्यालय, पढाई और खेल गतिविधियों की जानकारी ली। देवनानी ने कहा कि बच्चे पढे, आगे बढ़े और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने बच्चों से कहा कि राष्ट्र प्रथम है। हमारे कार्यों में राष्ट्र प्रथम की भावना सदैव होनी चाहिए। देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र पर गर्व की अनुभूति करें। अध्यक्ष देवनानी ने इस वर्ष 18 मई से राजस्थान विधान सभा जन-दर्शन कार्यक्रम आरम्भ किया था। इस कार्यक्रम के तहत आमजन प्रातः 10 बजे से सांय पांच बजे तक विधान सभा के द्वार संख्या सात से आधार कार्ड की फोटो प्रति जमा कराकर विधान सभा में प्रवेश कर राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन कर सकते है।

देवनानी ने बताया कि विधान सभा जन-दर्शन के तहत आमजन का विधान सभा से जुड़ाव को बढावा मिल रहा है। राजस्थानी शैली व विशिष्ट वास्तु कला का दिग्दर्शन कराने वाली विधान सभा की अनूठी इमारत में देश, प्रदेश के आमजन, शोधार्थी, पर्यटक और वि‌द्यार्थी आसानी से भ्रमण कर राज्य के राजनैतिक परिदृश्य की जानकारी का लाभ उठा रहे है। विधान सभा जन-दर्शन के तहत अभी तक 7416 लोगों ने विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top