HimachalPradesh

धान खरीद में तेजी: पांवटा साहिब और धौला कुआं केंद्रों पर शुरू हुई प्रक्रिया

नाहन, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran) ।हिमाचल प्रदेश का सबसे अधिक धान उत्पादक क्षेत्र पांवटा दून घाटी में धान खरीद केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो गई है। यहां हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने धान की खरीद प्रारंभ कर दी है। सिरमौर जिले में पांवटा साहिब व धौला-कुआँ में न्यूनतम समर्थन मूल्य 2320/ क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। पांवटा साहिब अनाज मंडी केंद्र पर धान खरीद को 70,000 क्विंटल व धौलाकुआँ खरीद केंद्र में 40,000 क्विंटल लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

हिमाचल प्रदेश का धान का कटोरा कहलाने वाले पांवटा दून क्षेत्र में सरकार ने धान की खरीद शुरू कर दी है। पांवटा साहिब क्षेत्र में दो जगह धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। अनाज मंडी परिसर पांवटा साहिब और धौला कुआं में प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड किसानों से धान खरीद रहा है। हिमाचल में इस बार धान उत्पादकों को हरियाणा से भी अधिक समर्थन मूल्य मिल रहा है। यहां सरकार 2320 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीद रही है।

पांवटा साहिब में 70,000 क्विंटल और धौला कुआं केंद्र पर 40,000 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह लक्ष्य पिछली बार से 10,000 क्विंटल अधिक है। प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैं। धान बेचने के लिए किसान विभाग के पोर्टल पर आवेदन करेंगे और अपना नंबर आने पर धान बेच सकेंगे। धान की कीमत सीधे किसानों के खातों में पहुंच जाएगी।

पांवटा साहिब में पूर्व कांग्रेस विधायक के चौधरी किरनेश जंग ने धान खरीद केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू का धन्यवाद किया।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top