Gujarat

राज्य में 13 सड़कों के सुधार में प्लास्टिक वेस्ट का किया जाएगा उपयोग

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल

-मुख्यमंत्री ने 105 किमी लंबाई की सड़कों के मजबूतीकरण के लिए 112.50 करोड़ रुपए के आवंटन को दी मंजूरी

-प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग से पर्यावरण सुधार के साथ-साथ सड़कों के जीवन चक्र में होगी वृद्धि

अहमदाबाद, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य में सड़कों के निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट (प्लास्टिक कूड़े) का उपयोग कर टिकाऊ सड़कों के निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण सुधार के संबंध में एक महत्वपूर्ण निर्णय किया है। मुख्यमंत्री ने इस उद्देश्य से 104.96 किलोमीटर लंबाई की 13 सड़कों के सुधार के लिए 112.50 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।

इसके साथ राज्य सरकार ने भारी ट्रैफिक तथा मानसून के दौरान ओवरटॉपिंग होने वाली कुल 20 सड़कों के 93.33 किलोमीटर लंबाई के हिस्से को सी.सी. रोड बनाने के लिए 300.57 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन के 23 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्यव्यापी ‘विकास सप्ताह’ मनाया जा रहा है। ‘विकास सप्ताह’ के जश्न के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास और नए विकास कार्यों की मंजूरी देने के उपक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग से सड़क सुधार का यह पर्यावरण अनुकूल दृष्टिकोण अपनया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐसे निर्माण कार्यों में प्लास्टिक वेस्ट के ऐसे अधिक से अधिक उपयोग के माध्यम से ‘विकसित भारत के लिए टिकाऊ विकास’ का विजन दिया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनके इस विजन को साकार करने में गुजरात को अग्रणी बनाने के उद्देश्य से सड़क सुधार के कार्यों में प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग को बढ़ावा दिया है। सड़क सुधार और नव निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट का उपयोग आने वाले दिनों में पर्यावरण सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। इसके अलावा, सड़कों की मजबूती बढ़ने के साथ-साथ, सड़क के जीवन चक्र में भी वृद्धि होगी तथा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का ‘विकसित भारत के लिए विकसित गुजरात’ का ध्येय भी साकार होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / बिनोद पाण्डेय

Most Popular

To Top