Chhattisgarh

भखारा में दहन से पहले ही जल गया 40 फीट का रावण

नगर पंचायत भखारा में तैयार रावण का नया पुतला।
नगर पंचायत भखारा में कार्यक्रम से पहले जलकर खाक रावण के 40 फीट का पुतला।

धमतरी, 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । नगर पंचायत भखारा में दशहरा पर्व का उत्साह उस समय लोगों में कम हो गया, जब पर्व के दिन अलसुबह साढ़े तीन बजे किसी ने रामलीला मैदान पर बने 40 फीट का रावण दहन से पहले ही जला दिया। घटना की खबर लगते ही आयोजक समिति के लोगों में हड़कंप मच गया। भखारा थाना में घटना की शिकायत की गई है। पुलिस ने शंका के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

नगर पंचायत भखारा-भठेली में दशहरा पर्व को लोग उत्साह के साथ मनाते हैं, इसके लिए नगर के रामलीला मैदान में 40 फीट का रावण दहन करने 11 अक्टूबर को पुतला बनाकर तैयार किया गया था। पूरी तैयारी के बाद आयोजक समिति के लोग चले गए। नगर में रात को सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच अलसुबह साढ़े तीन बजे रामलीला मैदान भखारा में तैयार 40 फीट के रावण के पुतला पर किसी ने आग लगा दी। इस घटना में रावण कार्यक्रम से पहले ही धूं-धूं कर जल गया। वहीं पुतला के साथ लिप्टिंग मशीन भी जलकर खाक हो गया। रावण के पूरी तरह से जलने के बाद सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई, तो आयोजक समिति के पदाधिकारी व सदस्यों में हड़कंप मच गया। आक्रोशित पदाधिकारी व सदस्यों ने घटना की शिकायत भखारा थाना में पहुंचकर की। रावण के पुतला में आग लगाने वाले लोगों के खिलाफ नगरवासियों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गए है। जानकारी के अनुसार नगर के ही एक युवक द्वारा पुतला को जलाने की जानकारी सार्वजनिक हो रही है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है।दशहरा पर्व के दिन असामाजिक तत्व के लोगों के द्वारा रावण का पुतला जलाने के बाद आयोजक समिति के लोगों ने नगर में उत्साह के साथ दशहरा का पर्व मनाने के लिए पुन: नया पुतला तैयार कर दशहरा का पर्व मना रहे हैं। हर साल की तरह इस साल भी पुतला जलने के बाद भी दशहरा का पर्व हर्षाेल्लास से मनाया जा रहा है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top