Madhya Pradesh

छतरपुरः भाई के साथ मंदिर जा रही नौ साल की बच्ची को कुएं में फेंका, पत्थर भी मारे

बच्ची को कुएं से निकालते हुए पुलिस

छतरपुर, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवकुलिया में गुरुवार की रात एक व्यक्ति ने नौ साल की बच्ची को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद ऊपर से पत्थर भी फेंके। बच्ची अपने बड़े भाई के साथ मंदिर जा रही थी। हमलावर ने भाई पर भी पत्थर फेंके। जैसे-तैसे वह जान बचाकर भागा, लेकिन बच्ची की मौत हो गई। वारदात गुरुवार रात करीब 10 बजे की है। सूचना मिलने पर रात करीब एक बजे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची का शव कुएं से निकलवाया और शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची का नाम मोहिनी श्रीवास (9) पुत्री मनोज श्रीवास है। वह चौथी क्लास में पढ़ती थी और अपने दादा-दादी और चाचा के साथ ग्राम देवकुलिया में रहती थी। बच्ची के परिजन दिल्ली में मजदूरी करते हैं। आरोपी गोवर्धन पटेल इसी गांव का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी गोवर्धन पटेल ने जुर्म स्वीकार किया है। उसके पास से बच्ची की पायल भी जब्त की गई है। पूछताछ में उसने बताया कि बच्ची उसे काफी दिनों से चिढ़ाती थी। इसी बात से नाराज था। अगर बच्ची का भाई नहीं भागता, तो उसे भी मार डालता। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

वारदात के समय मोहिनी का 10 साल का फुफेरा भाई भी मौजूद था। बच्चे ने बताया कि रात में हम मंदिर जा रहे थे। हम कुएं के पास पहुंचे, वो वहां आरोपी गोवर्धन पटेल पीछे छिपा बैठा था। उसने बहन का हाथ पकड़ा और उसे कुएं में धक्का दे दिया। मैंने शोर मचाया, तो उसने मुझ पर पत्थर फेंके। मेरे हाथ में भी चोट आई है। कुएं में गिरी बहन चिल्लाई तो आरोपी ने ऊपर से पत्थर मारे, जिससे उसका सिर फट गया। मोहिनी की मां माया ने बताया कि बेटी पूजा करने के लिए मंदिर गई थी, तभी गांव के ही गोवर्धन ने उसे कुएं में धक्का दे दिया। ऊपर से तब तक पत्थर फेंके, जब तक मर नहीं गई। साथ में ननद का लड़का भी था। वह भाग गया, लेकिन बच्ची मर गई।

खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि बच्ची ने आरोपी को कभी किसी बात पर चिढ़ाया था। इसी बात से आरोपी नाराज था। देर रात आरोपी गोवर्धन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। वह खेत में छिपा बैठा था। बच्ची के छोटे भाई का भी मेडिकल कराया गया है। बच्ची के परिजन और आरोपी के बयान लिए जा रहे हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top