Uttar Pradesh

गढमऊ झील में डूबकर 11 वर्षीय मासूम की मौत

मासूम के शव को ढूंढते गोताखोर

गोताखोरों और पुलिस टीम ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद शव किया बरामद

झांसी, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित गढ़मऊ झील में महिलाओं और लड़कियों के साथ नहाने गया 11 वर्षीय मासूम झील में डूब गया। घटना की सूचना पुलिस ओर गोताखोरों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम मासूम को खोजने में जुट गई। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद मासूम के शव को बरामद किया गया।

बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़मऊ में बनी झील में कुछ लड़कियां और महिलाएं नहाने गईं थी। उन्हीं के साथ 11 वर्षीय समर पुत्र उपेंद्र पाल भी झील में नहाने गया था। नहाते समय पैर फिसलने से वह झील में गिर गया और डूब गया। वहां पर मौजूद लोगों द्वारा काफी खोजबीन की गई,लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस प्रशाशन और तहसील प्रशासन को दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी सहित उपजिलाधिकारी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और मासूम को खोजने में जुट गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस व गोताखोरों की टीम को मासूम का शव बरामद करने में सफलता मिली।

इस संबंध में सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि सुबह घटना की सूचना बड़ागांव थाने को मिली थी। पुलिस व स्थानीय गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद मासूम समर के शव को बरामद कर लिया गया है। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शांति व्यवस्था कायम है।

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top